कबड्डी

टिकट सिर्फ 100 रुपये – और श्रेया घोषाल का जादू LIVE! महिला वर्ल्ड कप ओपनिंग सेरेमनी बनेगी यादगार

महिला वनडे विश्व कप 2025 के उद्घाटन समारोह में श्रेया घोषाल लाइव प्रस्तुति देंगी। टिकट मात्र 100 रुपये में उपलब्ध होंगे। 30 सितंबर को गुवाहाटी में भारत बनाम श्रीलंका मैच से पहले खास कार्यक्रम होगा।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने गुरुवार को बड़ा ऐलान किया कि भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका श्रेया घोषाल महिला वनडे विश्व कप 2025 के उद्घाटन समारोह में लाइव प्रस्तुति देंगी. यह खास आयोजन 30 सितंबर को गुवाहाटी में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले पहले मुकाबले से ठीक पहले होगा. समारोह में श्रेया अपने हिट गानों के साथ-साथ टूर्नामेंट का आधिकारिक गान ‘ब्रिंग इट होम’ भी लाइव पेश करेंगी, जो महिला क्रिकेट के ऊर्जा और एकता का उत्सव मनाने के लिए तैयार किया गया है.

टिकट कीमतें होंगी जेब पर हल्की
आईसीसी ने इस साल के टूर्नामेंट को हर प्रशंसक तक पहुंचाने के लिए टिकट कीमतों में बड़ा बदलाव किया है. पहले चरण में भारत में होने वाले सभी लीग मैचों के टिकट सिर्फ 100 रुपये में उपलब्ध होंगे. यह कदम दर्शकों को स्टेडियम में बड़ी संख्या में लाने और महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को और बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है. कम कीमत वाले टिकटों का मकसद खचाखच भरे स्टेडियम और ऊर्जावान माहौल सुनिश्चित करना है.

गूगल पे पर मिलेंगे शुरुआती टिकट
टिकट खरीदने की प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है. पहले चरण में सभी राउंड-रॉबिन लीग मैचों के टिकट विशेष रूप से गूगल पे उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध होंगे. प्रशंसक इन टिकटों को सीधे ऐप से खरीद सकेंगे. आईसीसी ने यह भी बताया कि प्रशंसक दूसरे चरण के टिकटों के लिए भी पंजीकरण करा सकते हैं, जिनकी बिक्री 9 सितंबर से शुरू होगी. यह व्यवस्था उन क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास मौका है जो महिला विश्व कप के हर मैच का लुत्फ उठाना चाहते हैं.

महिला क्रिकेट का ग्लोबल जश्न
आईसीसी के अनुसार इस बार का महिला विश्व कप सुलभता के मामले में नया मानक स्थापित करेगा. यह न केवल खेल प्रेमियों के लिए रोमांचक होगा, बल्कि महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएगा. श्रेया घोषाल की प्रस्तुति और आधिकारिक गान से टूर्नामेंट का माहौल और भी खास बन जाएगा.

W88 Sports News