
दलीप ट्रॉफी में फिर फ्लॉप हुए ‘सरपंच’, कंगारुओं के खिलाफ टेस्ट वापसी पर उठे सवाल !
श्रेयस अय्यर दलीप ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में दोनों पारियों में फ्लॉप रहे। वेस्ट जोन फाइनल में नहीं पहुंच सका, जबकि सेंट्रल जोन ने फाइनल का टिकट काटा। उनकी टेस्ट टीम में वापसी पर सवाल उठने लगे हैं।
ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ होने वाली दो मैचों की सीरीज से पहले BCCI ने श्रेयस अय्यर को इंडिया-ए की कप्तानी सौंपी है. लंबे समय से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे अय्यर के लिए ये जिम्मेदारी उनकी वापसी की नई राह मानी जा रही है. लेकिन कप्तानी का ऐलान होते ही उनका बल्ला खामोश हो गया है. जिसकी तस्वीर दलीप ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में देखने को मिली, जब वेस्ट जोन की ओर से खेलते हुए अय्यर दोनों पारियों में असफल रहे. पहली पारी में वो सिर्फ 25 रन बनाकर लौट गए और दूसरी पारी में भी 14 गेंदों पर 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
वेस्ट जोन का सेमीफाइनल सफर खत्म
बेंगलुरु में खेले गए इस सेमीफाइनल मुकाबले में वेस्ट जोन की बल्लेबाजी दोनों पारियों में कमजोर साबित हुई. पहली पारी में सिर्फ ऋतुराज गायकवाड़ का शतक ही टीम को कुछ सम्मानजनक स्थिति में ले गया. मगर बाकी बल्लेबाजों का योगदान बिल्कुल भी नहीं रहा. दूसरी पारी में उम्मीद थी कि टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी, लेकिन वो भी अधूरी रही. अय्यर के साथ-साथ कई अनुभवी बल्लेबाज़ भी असरदार पारी नहीं खेल सके.
यशस्वी जायसवाल की वापसी
हालांकि दूसरी पारी में युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने जरूर कुछ उम्मीद जगाई. पहली पारी में नाकाम रहने वाले जायसवाल ने इस बार संभलकर खेला और 64 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली लेकिन उनके अलावा बाकी बल्लेबाजों ने निराश किया. वहीं, वेस्ट जोन का फाइनल में पहुंचना पहले ही लगभग नामुमकिन हो गया था, लिहाजा इस पारी में कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया. इसके बावजूद टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी.
सेंट्रल जोन फाइनल में पहुंचा
रविवार 7 सितंबर को मैच के आखिरी दिन सेंट्रल जोन ने अपनी पहली पारी 600 रन पर घोषित कर दी और 162 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की. इसके साथ ही उसने फाइनल में जगह पक्की कर ली. वेस्ट जोन की दूसरी पारी 8 विकेट पर 216 रन तक ही सिमट पाई और दोनों टीमों ने ड्रॉ पर सहमति जताई. इस नतीजे के साथ रजत पाटीदार की कप्तानी वाली सेंट्रल जोन फाइनल में पहुंच गई, जहां उसका सामना साउथ जोन से होगा. दूसरी ओर, अय्यर की नाकामी ने एक बार फिर उनकी टेस्ट टीम में वापसी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
W88 Sports News




