अन्य खेल

एक से बढ़कर एक फाइनल – आखिरी गेम तक सस्पेंस, जानिए किसने जीते गोल्ड!

योनेक्स सनराइज वेस्ट जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 में गुजरात ने सिंगल्स में दबदबा बनाया। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश ने डबल्स में चमक बिखेरी, जबकि महाराष्ट्र ने जूनियर डबल्स और मिक्स डबल्स में डबल धमाका किया। गोवा के खिलाड़ी भी क्वालिफाई हुए।

पणजी के कैम्पल इंडोर स्टेडियम में खेले गए योनेक्स सनराइज वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन व्यक्तिगत चैंपियनशिप 2025 में गुजरात के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया. पुरुष सिंगल्स के फाइनल में अधीप गुप्ता ने गोवा के अर्जुन रेहानी को 21-18, 21-18 से हराकर गोल्ड मेडल जीता. महिला सिंगल्स में भी गुजरात की ऐशानी तिवारी ने अपने ही राज्य की काव्या मारवानिया को मात दी. पहला गेम 21-19 से जीतने के बाद काव्या चोट के कारण मुकाबले से हट गईं और ऐशानी चैंपियन बन गईं.

डबल्स में छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश का जलवा
मेंस डबल्स में छत्तीसगढ़ के एमवी अभिषेक और सुजय तंबोली की जोड़ी ने खराब शुरुआत से वापसी कर आर्य और ध्रुव ठाकोर की जोड़ी को 8-21, 21-12, 21-17 से हराकर खिताब अपने नाम किया. महिला डबल्स में मध्य प्रदेश की ऐश्वर्या मेहता और प्रियंका पंत ने महाराष्ट्र की अनघा करंदीकर और सिया सिंह को 21-16, 7-21, 21-15 से हराकर गोल्ड पर कब्जा किया.

मिक्स डबल्स में कड़ा मुकाबला
छत्तीसगढ़ के आयुष मखीजा और रेणुश्री यवर्णा की जोड़ी ने रोमांचक फाइनल में महाराष्ट्र के अजिंक्य पाथरकर और निक्किता जोसेफ को 21-15, 15-21, 21-17 से हराकर मिक्स डबल्स का खिताब जीता.

जूनियर्स में भी दिखा रोमांच
जूनियर वर्ग में मध्य प्रदेश के शीर्ष वरीय देव कुमावत ने फाइनल में छत्तीसगढ़ के वैभव सिंह को 16-21, 21-16, 21-14 से हराकर गोल्ड जीता. अंडर-19 गर्ल्स सिंगल्स में गुजरात की काव्या मारवानिया ने मध्य प्रदेश की अनुष्का शापुरकर को 21-14, 21-13 से हराया.

महाराष्ट्र का डबल धमाका
अंडर-19 गर्ल्स डबल्स में महाराष्ट्र की श्रावणी वालेकर और तारिणी सूरी की जोड़ी ने छत्तीसगढ़ की राशि मल्ल और श्वेता परदेशी को 21-10, 21-13 से हराया. अंडर-19 मिक्स डबल्स में भी महाराष्ट्र के सानिध्य एकाडे और अदिति गावड़े ने छत्तीसगढ़ के दिव्यांश अग्रवाल और इशिका पोद्दार को 21-16, 21-8 से मात दी.

गोवा के खिलाड़ियों ने भी बनाई जगह
गोवा के अर्जुन रेहानी और अर्जुन भगत भले ही फाइनल में गोल्ड न जीत सके, लेकिन दोनों ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर लिया है.

W88 Sports News