
पटना की तीसरी हार, दो दिग्गजों की पहली जीत – जानिए कैसा बदला पॉइंट्स टेबल का हाल
प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 में बेंगलुरु बुल्स ने पटना पाइरेट्स को 38-30 से हराकर पहली जीत दर्ज की। गुजरात जायंट्स ने भी तमिल थलाइवाज को हराकर जीत का खाता खोला। पटना अब भी बिना जीत के सबसे नीचे है।
प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन में बेंगलुरु बुल्स ने आखिरकार जीत का खाता खोल लिया. विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले गए सीजन के 17वें मुकाबले में बुल्स ने पटना पाइरेट्स को 38-30 से हराकर 4 मैचों में पहली जीत दर्ज की. शुरुआती तीन हार के बाद इस मैच में बेंगलुरु का अटैक और डिफेंस दोनों ही गजब के फॉर्म में दिखे.
अलीरेजा और आशीष बने हीरो
बेंगलुरु के लिए ईरानी स्टार अलीरेजा मीरजैन ने 10 पॉइंट बटोरे, जबकि आशीष मलिक ने 8 पॉइंट जुटाए. दोनों खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से बुल्स ने पहले हाफ में बढ़त बनाई और पूरे मैच में उसे बनाए रखा. दूसरी ओर पटना की टीम लगातार तीसरे मैच में पिछड़ गई और इस सीजन में जीत का स्वाद नहीं चख पाई.
गुजरात जायंट्स ने तोड़ी जीत की जंजीर
दिन के दूसरे मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने तमिल थलाइवाज को 37-28 से हराकर इस सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की. पॉइंट्स टेबल के निचले पायदान पर मौजूद दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला रोमांचक रहा लेकिन अंत में गुजरात के डिफेंस ने बाजी मार ली.
नितिन तव के सुपर टैकल्स ने पलटा मैच
गुजरात की जीत के हीरो रहे नितिन तव, जिन्होंने 3 सुपर टैकल कर 8 पॉइंट हासिल किए और टीम को लगातार 25 मिनट तक ऑलआउट होने से बचाया. इसके बाद गुजरात ने थलाइवाज को ऑलआउट कर बड़ी बढ़त बना ली और जीत पक्की कर दी.
पॉइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव
इस जीत के बाद 18 मैचों में लीग की 12 में से 11 टीमों का खाता खुल चुका है. सिर्फ पटना पाइरेट्स ही अब तक जीत से महरूम है और सबसे आखिरी पायदान पर है. पुनेरी पलटन 4 मैचों में 3 जीत और बेहतर पॉइंट डिफरेंस के साथ टॉप पर है, जबकि यू-मुंबई दूसरे नंबर पर है. दबंग दिल्ली 2 मैचों में 2 जीत के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है.
W88 Sports News




