क्रिकेट

एशिया कप 2025: भारत-पाकिस्तान भिड़ंत से पहले मैदान में चिंगारी, पुराने हिसाब होंगे चुकता?

एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान भिड़ंत क्रिकेट से ज्यादा जंग जैसी होगी. अभिषेक बनाम सूफियान, गिल बनाम अबरार और सूर्या बनाम रऊफ जैसी राइवलरी से मैदान में पुराने हिसाब चुकता करने का रोमांचक मौका मिलेगा.

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 में होने वाला मुकाबला इस बार सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा. मई में दोनों देशों के बीच हुई 4 दिन की सीमा-जंग के महज चार महीने बाद ये टक्कर हो रही है. ऐसे में मैदान का माहौल पहले से ज्यादा गर्म रहने वाला है. पिछले कुछ सालों में दोनों टीमों के बीच ज्यादा तनातनी नहीं दिखी थी, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल अलग हैं.

अभिषेक बनाम सूफियान – पहली बड़ी टक्कर
भारत के युवा ओपनर अभिषेक और पाकिस्तान के स्पिनर सूफियान मुकीम के बीच भिड़ंत इस मैच का सबसे दिलचस्प एंगल हो सकता है. 2024 में एमर्जिंग एशिया कप के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच जमकर जुबानी जंग हुई थी. सूफियान के अपशब्द और इशारे पर अभिषेक भी भड़क गए थे और अंपायर को बीच-बचाव करना पड़ा था. अब ये दोनों पहली बार सीनियर इंटरनेशनल क्रिकेट में आमने-सामने होंगे.

गिल बनाम अबरार – बदले की बारी
टीम इंडिया के उप-कप्तान शुभमन गिल और पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद के बीच भी मुकाबला देखने लायक होगा. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में गिल को बोल्ड करने के बाद अबरार ने उन्हें आक्रामक इशारे कर पवेलियन की राह दिखाई थी. तब गिल चुप रहे थे लेकिन इस बार वो बल्ले से जवाब देने के मूड में दिख रहे हैं.

सूर्या बनाम रऊफ – पुराना हिसाब बाकी
कप्तान सूर्यकुमार यादव का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड अब तक खास नहीं रहा है और हारिस रऊफ के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट भी गिरा है. रऊफ ने 2022 वर्ल्ड कप में सूर्या को आउट कर गुस्से में सेलिब्रेशन किया था. इस बार सूर्या के पास मौका है कि बल्ले से उस जख्म का जवाब दें.

हार्दिक-नवाज का क्लासिक राइवलरी
ऑलराउंडर्स हार्दिक पांड्या और मोहम्मद नवाज के बीच की राइवलरी हमेशा से रोमांचक रही है. 2022 एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप में दोनों ने एक-दूसरे को कई बार मात दी. कभी हार्दिक ने छक्के बरसाए तो कभी नवाज ने उन्हें आउट कर पाकिस्तान को जीत दिलाई. इस बार भी ये मुकाबला पूरी तरह से बल्ले और गेंद के जंग पर टिका होगा.

W88 Sports News