
Asia Cup के पहले मैच में कुलदीप-शिवम बने शोस्टॉपर, पाकिस्तान पर जानें कैसे बढ़ा दबाव ?
एशिया कप 2025 के पहले मैच में भारत ने UAE को 27 गेंदों में हराया। कुलदीप यादव और शिवम दुबे की घातक गेंदबाजी ने मैच पलट दिया। संजू सैमसन की फुर्तीली स्टंपिंग और अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी ने पाकिस्तान पर दबाव बढ़ा दिया।
एशिया कप 2025 की शुरुआत में ही टीम इंडिया ने ऐसा करिश्मा कर दिखाया, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत ने संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE को पहले गेंदबाजी में ध्वस्त किया और फिर बल्लेबाजी में महज 27 गेंदों में जीत दर्ज कर ली. जिसने पाकिस्तान के खिलाड़ियों को भी जरूर हैरान कर दिया होगा, क्योंकि अगला मैच भारत का पाकिस्तान के साथ ही है, बता दें UAE के खिलाफ कप्तान सूर्यकुमार यादव और गंभीर की रणनीति कामयाब रही. पहले गेंदबाजी का फैसला लिया गया और जसप्रीत बुमराह ने शुरुआती झटका देकर यूएई को बैकफुट पर ला दिया. इसके बाद कुलदीप यादव और शिवम दुबे ने गेंद से कहर ढा दिया.
कुलदीप-शिवम बने शोस्टॉपर
कुलदीप ने 2.1 ओवर में 7 रन देकर 4 विकेट झटके और एक ही ओवर में 3 बल्लेबाजों को चलता किया. वहीं, शिवम दुबे ने 2 ओवर में सिर्फ 4 रन देकर 3 विकेट चटकाए. इनके अलावा अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और बुमराह ने भी 1-1 विकेट हासिल किया। पूरी UAE टीम सिर्फ 57 रन पर सिमट गई. जिस कुलदीप यादव को लेकर सवाल उठ रहे थे कि उन्हें अर्शदीप की जगह क्यों खिलाया गया, उन्होंने अपने प्रदर्शन से सबको चुप करा दिया. एक ही ओवर में तीन विकेट निकालकर उन्होंने दुश्मन की कमर तोड़ दी वहीं, शिवम दुबे ने अपनी धारदार गेंदबाजी से साबित किया कि वो सिर्फ बल्लेबाज ही नहीं, घातक गेंदबाज भी हैं.
संजू सैमसन की फुर्ती ने खींचा सबका ध्यान!
मैदान पर सबसे यादगार पल तब आया जब संजू सैमसन ने अपनी बिजली जैसी फुर्ती से स्टंपिंग की. उस पल को देखकर दर्शकों को धोनी की याद आ गई. संजू की विकेटकीपिंग ने साबित कर दिया कि वो सूर्या की टीम में तुरुप का इक्का हैं. बता दें 57 रनों के छोटे टारगेट का पीछा करने जब भारत की बल्लेबाजी आई तो माहौल ही बदल गया. अभिषेक शर्मा, जिन्हें युवराज का लाडला कहा जाता है, उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर महफिल लूट ली. उन्होंने 15 गेंदों पर 30 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे. उनके साथ शुभमन गिल ने 16 रन जोड़े और कप्तान सूर्या भाऊ ने एक गेंद पर ही छक्का ठोककर मैच खत्म कर दिया.
पाकिस्तान पर बढ़ा दबाव
भारत ने सिर्फ 4.3 ओवर यानी 27 गेंदों में जीत दर्ज कर एशिया कप 2025 का पहला मैच ऐतिहासिक बना दिया. ये जीत सिर्फ UAE के खिलाफ नहीं थी, बल्कि पाकिस्तान के लिए भी एक मैसेज माना जा रहा है कि अगले मैच में भारत और ताकतवर बनकर मैदान में उतरेगा, फिलहाल अब सबकी नजरें भारत-पाकिस्तान के महामुकाबले पर टिकी हैं, जहां रोमांच अपने चरम पर होगा.
W88 Sports News




