क्रिकेट

Asia Cup से पहले सूर्या का दिखा ‘एग्रेशन’, पाक कप्तान को ऐसे दिया करारा जवाब

एशिया कप 2025 से पहले भारत-पाकिस्तान कप्तानों की बयानबाज़ी ने माहौल गरमा दिया। सूर्यकुमार यादव ने एग्रेशन को टीम इंडिया की पहचान बताया, तो पाक कप्तान सलमान आगा ने पलटवार किया। महामुकाबले से पहले जुबानी जंग सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है।

एशिया कप 2025 शुरू होने से पहले ही भारत और पाकिस्तान के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में 14 सितंबर को खेले जाने वाले महामुकाबले से पहले दोनों देशों के कप्तानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बयानबाज़ी से माहौल गरमा दिया। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कहा कि टीम इंडिया हमेशा एग्रेशन के साथ मैदान में उतरती है। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूर्यकुमार का दमदार बयान
सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हम जब भी मैदान पर उतरते हैं तो एग्श्रेशन के साथ आते हैं। आप बिना एग्रेशन क्रिकेट नहीं खेल सकते। मैं कल मैदान में वापसी को लेकर बहुत उत्साहित हूं।” उनकी यह बात सुनते ही भारतीय फैंस में जोश और बढ़ गया।

पाक कप्तान का पलटवार
सूर्या की आक्रामक टिप्पणी पर पाकिस्तान के नए कप्तान सलमान आगा भी चुप नहीं बैठे। उन्होंने कहा— “जो भी एग्रेसिव होना चाहता है, उसका स्वागत है, लेकिन ये आक्रामकता सिर्फ मैदान तक सीमित रहनी चाहिए।” बता दें कि इस बार पाकिस्तान टीम में न बाबर आजम हैं, न ही मोहम्मद रिजवान। सलमान आगा की कप्तानी में यह उनका पहला बड़ा टूर्नामेंट होगा, ऐसे में उन पर भी दबाव काफी रहेगा।

सूर्या का कप्तानी रिकॉर्ड
रोहित शर्मा की टी20 रिटायरमेंट के बाद सूर्यकुमार यादव को भारत की टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था। उनके अंडर टीम इंडिया ने 22 में से 17 मैच जीते हैं और उनकी कप्तानी में टीम एक भी टी20 सीरीज हारी नहीं है। सूर्या के सामने बड़ी चुनौती ये होगी कि वो पहली बार किसी बहुपक्षीय टूर्नामेंट में टीम इंडिया को लीड कर रहे होंगे।

प्लेइंग इलेवन पर सवाल, सूर्या का तीखा जवाब
हाल के दिनों में भारतीय टीम के प्लेइंग इलेवन को लेकर कई सवाल उठे। जब इस पर सूर्या से पूछा गया तो उन्होंने कहा— “अभी तक सब बढ़िया चल रहा है, क्यों बिना मतलब के उंगली करना है।”

W88 Sports News