क्रिकेट

भारत से UAE तक: वो स्पिनर जो तोड़ सकता है टीम इंडिया का सपना – जानिए सिमरनजीत सिंह की पूरी कहानी

एशिया कप 2025 में भारत का पहला मुकाबला UAE से होगा और सबकी निगाहें स्पिनर सिमरनजीत सिंह पर रहेंगी। पंजाब से दुबई तक पहुंचे 35 वर्षीय गेंदबाज शुभमन गिल को बचपन में नेट्स पर गेंदबाजी कर चुके हैं और अब भारत के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।

एशिया कप 2025 में भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मेजबान UAE से होगा. इस मैच में सभी की नजरें होंगी UAE के बाएं हाथ के स्पिनर सिमरनजीत सिंह पर. 35 साल के यह गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं.

पंजाब से दुबई तक का सफर
सिमरनजीत सिंह का जन्म पंजाब में हुआ और वह 2017 में रणजी ट्रॉफी के संभावित खिलाड़ियों में शामिल थे. लेकिन उन्हें कभी बड़ा मौका नहीं मिला. 2021 में उनका जीवन तब बदल गया जब वह प्रैक्टिस के लिए दुबई गए और COVID-19 की दूसरी लहर के कारण भारत लौट नहीं सके.

मजबूरी बनी किस्मत
लंबे लॉकडाउन के दौरान सिमरनजीत ने क्लब क्रिकेट खेलना शुरू किया और जूनियर खिलाड़ियों को कोचिंग देने लगे. तीन सीजन बाद उन्हें UAE का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट मिला. UAE क्रिकेट बोर्ड के नियमों के मुताबिक, तीन सीजन खेलने के बाद खिलाड़ी को इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने का अधिकार मिल जाता है.

शुभमन गिल से पुराना कनेक्शन
दिलचस्प बात यह है कि सिमरनजीत का भारतीय स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल से पुराना रिश्ता है. मोहाली स्थित पीसीए अकादमी में वह शुभमन को बचपन में नेट्स पर गेंदबाजी करते थे. खुद सिमरनजीत कहते हैं कि गिल तब करीब 11-12 साल के थे.

अब भारत ही बनेगा टारगेट
सिमरनजीत कहते हैं, “मेरा सपना भारत के लिए खेलना था, लेकिन अब जब मैं UAE के लिए खेल रहा हूं तो मेरा परिवार UAE का समर्थन करेगा.” भारत के खिलाफ उनके स्पेल पर पूरी दुनिया की नजर होगी क्योंकि उनका अनुभव और सटीक लाइन-लेंथ टीम इंडिया की बल्लेबाजी को रोक सकती है.

W88 Sports News