
सड़क हादसे से टूटी नहीं, बनी मिसाल, टैज्मिन ब्रिट्स ने महिला क्रिकेट में मचाया धमाल, 11 मैचों में 5 शतक जड़कर बनाया ये रिकॉर्ड
टैज्मिन ब्रिट्स ने 2025 में महिला क्रिकेट में इतिहास रचा, 11 वनडे मैचों में 5 शतक जड़कर 749 रन बनाए. सड़क हादसे और निराशा के बावजूद उन्होंने क्रिकेट में वापसी कर नई मिसाल कायम की।
कहते हैं, असली खिलाड़ी वो होता है, जिसका जब जिक्र हो तो पहले उसके खिताबों और उसकी कामयाबी का बोलबाला हो. ऐसा ही कुछ कर दिखाया है दक्षिण अफ्रीका की स्टार बल्लेबाज टैज्मिन ब्रिट्स ने. दरअसल महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 अक्टूबर को उन्होंने शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया है. जिसके बाद ब्रिट्स अब महिला क्रिकेट की पहली खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने एक ही साल में 5 वनडे शतक लगाए हैं.
11 वनडे मुकाबलों में 5 शतक लगाकर 749 रन बनाए
टैज्मिन ब्रिट्स ने साल 2025 में अब तक खेले 11 वनडे मुकाबलों में 5 शतक लगाकर 749 रन बनाए हैं. उनका औसत 83.22 का रहा है, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 171 रन है. लगातार बेहतरीन फॉर्म में चल रहीं ब्रिट्स अगर इसी लय में खेलती रहीं, तो इस साल 1000 रन का आंकड़ा पार करना उनके लिए कोई मुश्किल बात नहीं होगी.
क्रिकेटर बनने से पहले सफल जैवलिन थ्रोअर थीं बिट्स
वैसे बिट्स के बारे में एक बात और है, जिसके बार में कम लोग ही जानते हैं, कि टैज्मिन ब्रिट्स शुरू में क्रिकेटर नहीं, बल्कि एक सफल जैवलिन थ्रोअर रह चुकी हैं. बता दें कि साल 2007 में उन्होंने वर्ल्ड यूथ चैंपियनशिप में दक्षिण अफ्रीका को गोल्ड मेडल दिलाया था और 2010 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. उनका सपना था 2012 लंदन ओलंपिक में हिस्सा लेने का, लेकिन शायद किस्मत में कुछ और ही लिखा था. हुआ कुछ यूं कि ओलंपिक से महज 8 महीने पहले ब्रिट्स एक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गईं. इस हादसे ने ना केवल उनके करियर की रफ्तार को रोक दिया बल्कि उन्हें लंबे समय तक अस्पताल में रहना पड़ा. धीरे-धीरे उनके प्रायोजक हट गए और जीवन में निराशा घर कर गई. ब्रिट्स ने खुद बताया कि उस दौर में उन्होंने किराने की दुकान पर नौकरी की और वे जीवन से इतनी हताश हो गईं थीं कि कई बार खुदकुशी की कोशिश भी की, लेकिन किस्मत ने उन्हें दूसरा मौका दिया और उन्होंने हिम्मत नहीं हारी.
2018 में टैज्मिन ब्रिट्स ने क्रिकेट की दुनिया में रखा कदम
इसके बाद साल 2018 में टैज्मिन ब्रिट्स ने क्रिकेट की दुनिया में कदम रखा और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने अपने हौसले और मेहनत के दम पर दक्षिण अफ्रीका टीम में अपनी जगह बनाई. आज वही खिलाड़ी महिला क्रिकेट में नई मिसाल बन चुकी हैं, एक साल में 5 वनडे शतक और लगातार 5 पारियों में से 4 में शतक लगाना उनकी प्रतिभा का प्रमाण है.
W88 Sports News




