
कौन है वो धाकड़ बल्लेबाज़ जिसने 11 गेंदों में ठोक डाली फिफ्टी, बना डाला सबसे बड़ा रिकॉर्ड
मेघालय के ऑलराउंडर आकाश कुमार चौधरी ने रणजी ट्रॉफी में सिर्फ 11 गेंदों में फिफ्टी लगाकर इतिहास रच दिया। उन्होंने एक ओवर में 6 और कुल 8 गेंदों में 8 छक्के जड़े, फर्स्ट क्लास क्रिकेट का सबसे तेज़ अर्धशतक बनाकर नया रिकॉर्ड कायम किया।
रणजी ट्रॉफी के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में मेघालय के युवा खिलाड़ी आकाश कुमार चौधरी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरे भारतीय क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया. अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सूरत में खेलते हुए उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर फर्स्ट क्लास क्रिकेट का अब तक का सबसे तेज़ पचासा लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. ये रिकॉर्ड पिछले 13 सालों से इंग्लैंड के वेन व्हाइट के नाम था, जिन्होंने 12 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी. आकाश ने एक गेंद कम खेलते हुए इतिहास फिर से लिखा.
एक ओवर में 6 छक्के, फिर भी नहीं रुके, 8 में 8 छक्के!
आकाश कुमार चौधरी की विस्फोटक पारी का सबसे यादगार हिस्सा वो ओवर रहा, जिसमें उन्होंने गेंदबाज़ लिमार डाबी के खिलाफ लगातार 6 छक्के जड़ दिए. इसके बाद अगले ओवर की पहली दो गेंदों पर भी छक्के लगाकर वे 8 गेंदों में 8 छक्के मारने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए. रणजी ट्रॉफी में एक ओवर में 6 छक्के जड़ने का कारनामा इससे पहले सिर्फ रवि शास्त्री ने किया था, लेकिन आकाश ने उससे भी आगे बढ़कर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में लिख दिया.
सिर्फ बल्ले से नहीं, गेंद से भी खतरनाक
आकाश कुमार सिर्फ एक फटाफट बल्लेबाज़ नहीं, बल्कि एक शानदार ऑलराउंडर भी हैं. उन्होंने अब तक मेघालय के लिए 31 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें 500+ रन और 85 से ज्यादा विकेट दर्ज किए हैं. पिछले मैच में बिहार के खिलाफ भी उनका बल्ला बोला था, जहां उन्होंने 62 गेंदों पर 60 रन ठोके थे
रिकॉर्ड तोड़े, इरादे और बड़े दिखे
इस सीज़न की ये पारी सिर्फ एक पचासा नहीं, बल्कि एक बड़ा ऐलान है की मेघालय के इस 24 साल के क्रिकेटर ने साबित कर दिया कि वो बड़े मंच के लिए तैयार हैं. रणजी में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड तोड़ने के साथ-साथ उन्होंने फैंस, सेलेक्टर्स और क्रिकेट एक्सपर्ट्स को मजबूर कर दिया है कि वे उनका नाम याद रखें. जब कोई बल्लेबाज़ 11 गेंदों में 50 रन, 8 गेंदों में 8 छक्के और एक ओवर में 6 छक्के मारता है तो ये सिर्फ पारी नहीं, क्रिकेट का तूफान कहलाता है. आने वाले समय में अगर भारतीय क्रिकेट टीम में एक नए फिनिशर, पावर हिटर या एक्स-फैक्टर खिलाड़ी की जरूरत पड़ी, तो शायद आकाश कुमार चौधरी वही नाम हो सकते हैं, जिसका जिक्र सबसे पहले होगा.
W88 Sports News




