
जडेजा के फैन ने ही दिया टीम इंडिया को जख्म, गुवाहटी टेस्ट में जड़ा शतक, बनाए ये खास रिकॉर्ड
गुवाहाटी टेस्ट में साउथ अफ्रीका के सेनुरन मुथुसामी ने भारत के खिलाफ 7वें नंबर पर शानदार शतक जड़ा। रवींद्र जडेजा को अपना आदर्श मानने वाले मुथुसामी ने 192 गेंदों की यादगार पारी खेलकर कई खास रिकॉर्ड अपने नाम किए।
गुवाहाटी टेस्ट में साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर सेनुरन मुथुसामी ने ऐसी धांसू पारी खेली कि टीम इंडिया हैरान रह गई. जडेजा को अपना आइडल मानने वाले इस खिलाड़ी ने भारत के खिलाफ 7वें नंबर पर उतरकर शानदार शतक जड़ा. 192 गेंदों तक डटे रहे मुथुसामी ने अपने बेहतरीन डिफेंस और सटीक तकनीक से फैंस का दिल जीता और साथ ही भारत को बड़ा जख्म दे दिया. इस सेंचुरी के दम पर उन्होंने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए.
मां की मेहनत और लगन ने दिलवाया मंच
सेनुरन मुथुसामी की कहानी बेहद प्रेरणादायक है. जब वो सिर्फ 11 साल के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया. ऐसे मुश्किल समय में उनकी मां ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनीं. बेटे को क्रिकेटर बनाने के लिए उन्होंने खुद तकनीकी बातें सीखीं और मुथुसामी की बैटिंग-बॉलिंग के वीडियो रिकॉर्ड कर उनकी कमियों को दूर करवाया. मां की मेहनत और मुथुसामी की लगन ने मिलकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया. भारतीय क्रिकेट फैंस यह बात कम जानते हैं कि मुथुसामी ने अपने डेब्यू टेस्ट में भारत के ही स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को आउट किया था. 2019 के विशाखापट्टनम टेस्ट में उन्होंने विराट का विकेट चटकाकर सुर्खियां बटोरी थीं. हालांकि उस सीरीज के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया और वो पूरे चार साल साउथ अफ्रीकी टीम से दूर रहे. वर्ष 2023 में उनकी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी हुई और अब गुवाहाटी टेस्ट में उन्होंने खुद को फिर साबित कर दिखाया.
रवींद्र जडेजा के बड़े फैन हैं मुथुसामी
करियर की शुरुआत में मुथुसामी विकेटकीपर भी थे और बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी भी करते थे. लेकिन कमर की चोट ने उनके करियर की दिशा बदल दी. उन्हें स्पिनर बनना पड़ा और यही फैसला उनके लिए गेम चेंजर बन गया. इतना ही नहीं, वह ओपनिंग बल्लेबाजी भी कर चुके हैं. 2017 में एक घरेलू मैच में बतौर ओपनर उन्होंने 181 रनों की पारी खेली थी, जो उनकी बहुमुखी प्रतिभा दिखाती है. मुथुसामी खुद स्वीकार चुके हैं कि वो रवींद्र जडेजा के बड़े फैन हैं और उन्हें अपना आइडल मानते हैं. जडेजा की ऑलराउंड क्षमताओं ने ही उन्हें प्रेरित किया. इतना ही नहीं, वह कुमार संगकारा से भी बेहद प्रभावित हैं. इसीलिए जब उन्होंने भारत के खिलाफ शतक लगाया तो फैंस ने मजाक में कहा कि जडेजा के फैन ने ही टीम इंडिया को चोट पहुंचा दी.
मुथुसामी की लाइफस्टाइल भी काफी अनुशासित
क्रिकेट के अलावा मुथुसामी की लाइफस्टाइल भी काफी अनुशासित है. वो मीडिया-मार्केटिंग की डिग्री हासिल कर चुके हैं और अगर क्रिकेटर नहीं बनते तो मीडिया इंडस्ट्री में करियर बनाते. मानसिक शांति के लिए वह रोज योग करते हैं, जो उनकी एकाग्रता और धैर्य का बड़ा कारण है. गुवाहाटी टेस्ट में लगाई गई उनकी यह शतकीय पारी साबित करती है कि मुथुसामी सिर्फ मेहनती खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि मजबूत मानसिकता वाले क्रिकेटर भी हैं. उनकी इस सेंचुरी ने भारत को जरूर नुकसान पहुंचाया, लेकिन दुनिया को एक और टैलेंटेड ऑलराउंडर दिखा दिया.
W88 Sports News




