
नेपाल को हराकर भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, पहला टी20 वर्ल्ड कप किया अपने नाम
भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने पहला महिला ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया। फाइनल में नेपाल को 7 विकेट से हराया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया और सातों मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया।
भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने श्रीलंका में खेले गए पहले महिला ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीत लिया. फाइनल में भारत ने नेपाल को एकतरफा मुकाबले में सात विकेट से हराया. खास बात यह रही कि पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने एक भी मैच नहीं गंवाया और शुरुआत से लेकर फाइनल तक अपना दबदबा बनाए रखा. फाइनल में भारत ने टॉस जीतकर नेपाल को पहले बल्लेबाजी दी. यह फैसला सही साबित हुआ क्योंकि नेपाली टीम 20 ओवर में केवल 114 रन ही बना सकी. सरिता घिमिरे ने 35 और बिमला राय ने 26 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके. भारत की ओर से जमुना रानी टुडू और अनु कुमारी ने एक-एक विकेट लिया और विपक्ष को छोटे स्कोर पर रोक दिया.
टीम इंडिया ने की बेहद शानदार बैटिंग
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने बेहद शानदार बैटिंग की और सिर्फ 12.1 ओवर में मैच अपने नाम कर लिया. टीम की स्टार खिलाड़ी फुला सरेन ने 27 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए, जिनमें चार चौके शामिल थे. करुणा के ने भी 27 गेंदों पर 42 रन जोड़कर भारत की जीत पक्की कर दी. बसंती हांसदा 13 रन बनाकर नाबाद रहीं और टीम को खिताबी जीत तक पहुंचाया. भारत ने लक्ष्य हासिल करने के दौरान सिर्फ तीन विकेट गंवाए.
पाकिस्तान के खिलाफ भी भारत जीता
भारत का यह प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में लगातार मजबूत रहा. टीम ने श्रीलंका को 10 विकेट से हराकर अभियान की शुरुआत की थी. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया पर 209 रनों की बड़ी जीत दर्ज की. नेपाल को 85 रनों से हराया और अमेरिका को 10 विकेट से मात दी. पाकिस्तान के खिलाफ भी टीम ने 8 विकेट से जीत हासिल की. सेमीफाइनल में भारत ने एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई. लगातार जीत की इस श्रृंखला में भारतीय टीम ने कुल सात मैच खेले और सभी मैच अपने नाम किए. इस खिताबी जीत के बाद भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने दुनिया को दिखा दिया कि मेहनत, टीमवर्क और जज्बे से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है.
W88 Sports News




