
कपिल देव का बड़ा बयान, टेस्ट में हार के बाद बोले- अलग कोच की जरूरत नहीं, जो देश के लिए अच्छा हो वही करो
दक्षिण अफ्रीका से 0-2 की हार के बाद कपिल देव ने कहा कि भारत को अलग कोच की जरूरत नहीं। उन्होंने जोर दिया कि सिस्टम नहीं, सोच में बदलाव जरूरी है और खिलाड़ियों के लिए देश के लिए खेलना IPL से बड़ा सम्मान है।
दक्षिण अफ्रीका के हाथों 0-2 की घरेलू टेस्ट हार के बाद भारतीय क्रिकेट में कई सवाल खड़े हो गए हैं. क्या टीम इंडिया को भी इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की तर्ज पर लाल गेंद और सफेद गेंद के लिए अलग-अलग कोच रखने चाहिए? जब इस पर पूर्व भारतीय कप्तान और 1983 विश्व कप विजेता कपिल देव से सवाल पूछा गया तो उन्होंने बहुत स्पष्ट जवाब दिया. कपिल ने कहा कि वह यह नहीं मानते कि दो अलग कोच होने से कोई जादुई बदलाव आ जाएगा. उन्होंने कहा कि बीसीसीआई को वही करना चाहिए जो भारतीय क्रिकेट के लिए सबसे अच्छा हो. उनके अनुसार, सिस्टम बदलने से ज्यादा जरूरी है कि सोच बदली जाए और टीम लंबे समय की रणनीति के साथ मैदान पर उतरे.
सोशल मीडिया से फर्क नहीं पड़ता
सोशल मीडिया के दबाव और आधुनिक क्रिकेट की चुनौतियों पर कपिल देव ने चौंकाने वाला जवाब दिया. उन्होंने कहा कि क्रिकेटर बनना हमेशा मुश्किल था और रहेगा. उनके मुताबिक, आज का दौर कठिन है, लेकिन उनके जमाने में भी राह आसान नहीं थी. उन्होंने कहा कि फर्क सिर्फ सोच का पड़ता है. यदि खिलाड़ी मानसिक रूप से मजबूत हो, तो वह सोशल मीडिया या बाहरी दबावों से नहीं डरता. कपिल का कहना था कि आज भी मेहनती खिलाड़ी सफल होते हैं और यह धारणा कि पहले क्रिकेट आसान था या आज ज्यादा कठिन है सही नहीं है.
IPL के पैसे से बड़ा है भारत के लिए खेलना
जब कपिल देव से पूछा गया कि क्या टी20 लीग और IPL का पैसा युवा खिलाड़ियों पर राष्ट्रीय क्रिकेट से ज्यादा प्रभाव डाल रहा है, तो उन्होंने संतुलित जवाब दिया. कपिल ने कहा कि पैसा सभी को पसंद है, लेकिन हर खिलाड़ी की प्राथमिकताएं अलग होती हैं. उनके अनुसार, IPL एक बड़ा मंच है, लेकिन भारत के लिए खेलना उससे कहीं ज्यादा अहम है. उन्होंने कहा कि कुछ खिलाड़ी पैसों को अहम मानेंगे, कुछ देश को. यह हर व्यक्ति की अपनी सोच है, लेकिन उनके अनुसार, देश के लिए खेलना हमेशा सर्वोच्च सम्मान रहेगा.
कपिल बोले- क्रिकेट ही मेरा प्यार, प्रारूप कोई भी हो
जब कपिल देव से पूछा गया कि उन्हें कौन-सा प्रारूप सबसे ज्यादा पसंद है टेस्ट, वनडे या टी20 तो उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ क्रिकेट पसंद है. चाहे दो गेंद का हो या 100 गेंद का, उनके लिए खेल का आनंद ही सबसे बड़ा है. उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में कहा कि जैसे गोल्फ किसी भी प्रारूप में मजेदार है, वैसे ही क्रिकेट भी हर रूप में खूबसूरत है. विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर पूछे गए सवाल पर कपिल हंस पड़े और बोले उन्हें शुभकामनाएं, और अगर समय मिले तो गोल्फ भी खेलें. कपिल की यह हल्की-फुल्की टिप्पणी सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है।
W88 Sports News




