क्रिकेट

दुबई में भारत ने ठोके 433 रन, वैभव के 14 छक्कों ने बनाया नया इतिहास, यूथ क्रिकेट में दर्ज हुआ ये रिकॉर्ड

दुबई में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा तूफान मचाया कि पूरा यूएई गेंदबाजी आक्रमण बिखर गया.

अंडर-19 एशिया कप 2025 की शुरुआत भारत के जोरदार अंदाज से हुई। दुबई में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा तूफान मचाया कि पूरा यूएई गेंदबाजी आक्रमण बिखर गया। 14 साल के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 95 गेंदों पर 171 रन ठोककर मैच की तस्वीर ही बदल दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 433 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया, जो यूथ क्रिकेट में रिकॉर्ड के करीब पहुंच गया। टूर्नामेंट का पहला ही मैच दर्शकों के लिए यादगार बन गया।

शुरुआत कमजोर, फिर बदला मैच का रुख

भारतीय पारी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कप्तान आयुष म्हात्रे सिर्फ 4 रन पर आउट हो गए और टीम दबाव में लगने लगी। लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और आरोन जॉर्ज ने मिलकर खेल का रुख बदल दिया। दोनों के बीच 212 रनों की साझेदारी हुई। आरोन जॉर्ज ने 69 रन बनाए, जबकि दूसरी ओर वैभव लगातार बड़े शॉट्स लगाते रहे। उनके हर छक्के के साथ स्टेडियम में शोर बढ़ता गया और यूएई गेंदबाजों के लिए वापसी करना मुश्किल होता चला गया।

चौके-छक्कों की बारिश, वैभव ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत की इस विशाल पारी में कुल 20 छक्के और 31 चौके लगे। हैरानी की बात यह रही कि इन 20 में से 14 छक्के सिर्फ वैभव सूर्यवंशी ने उड़ाए। यह प्रदर्शन उन्हें यूथ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी की लिस्ट में शीर्ष पर ले गया। विहान मल्होत्रा ने 69 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि अभिज्ञान कुंडू ने 17 गेंदों में नाबाद 32 और कनिष्क चौहान ने 12 गेंद में 28 रन जोड़कर स्कोर को 400 के पार पहुंचाया। पूरे मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामकता और क्लास का शानदार मिश्रण दिखाया।

इतिहास में दर्ज हुआ भारत का स्कोर

भारत का 433 रन का कुल स्कोर अंडर-19 वनडे इतिहास में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बन गया है। इससे पहले भारत का सर्वोच्च स्कोर 2004 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 425 रन था। अब टीम इंडिया ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नई उपलब्धि हासिल की है। यूथ वनडे का सबसे बड़ा स्कोर 480 रन है, जो ऑस्ट्रेलिया ने 2002 में बनाया था। न्यूजीलैंड ने 2018 में 436 रन बनाए थे, वहीं भारत अब 433 के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत की इस धमाकेदार जीत ने एशिया कप में बाकी टीमों के लिए चेतावनी दे दी है कि इस बार टूर्नामेंट में मुकाबला बेहद कठिन होने वाला है।