
IPL 2026 में खेलेंगे या नहीं मुस्ताफिजुर, भारत-बांग्लादेश तनाव के बीच BCCI की चुप्पी ने बढ़ाया सस्पेंस !
IPL 2026 में मुस्ताफिजुर रहमान का खेलना अब भी सस्पेंस बना है। भारत-बांग्लादेश तनाव के बीच BCCI ने बैन से इनकार किया है, लेकिन NOC और वीजा पर अंतिम फैसला टिका हुआ है।
भारत और बांग्लादेश के बीच बिगड़ते राजनयिक हालात के बावजूद तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान के IPL 2026 में खेलने की संभावना अभी खत्म नहीं हुई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने फिलहाल बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर किसी भी तरह का प्रतिबंध लगाने से इनकार किया है। बीसीसीआई ने साफ किया है कि वह इस मामले में भारत सरकार के निर्देशों का इंतजार करेगा और तब तक वेट एंड वॉच की नीति पर रहेगा। ऐसे में यह सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या राजनीति का असर आईपीएल जैसे टूर्नामेंट पर पड़ेगा या क्रिकेट अलग राह पर चलेगा।
KKR की बोली और सोशल मीडिया विवाद
IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में मुस्ताफिजुर रहमान अकेले बांग्लादेशी खिलाड़ी थे, जिन पर बोली लगी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा, जिससे वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बन गए। ऑक्शन के बाद केकेआर को सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा। कई फैन्स और कुछ राजनीतिक नेताओं ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों को आईपीएल में शामिल करने पर सवाल उठाए। पिछली नीलामी में जहां किसी फ्रेंचाइजी ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी, वहीं इस बार केकेआर का फैसला चर्चा का विषय बन गया।
बीसीसीआई और सरकार का रुख
बीसीसीआई का कहना है कि बांग्लादेश कोई दुश्मन देश नहीं है और सरकार के आदेश के बिना किसी खिलाड़ी पर बैन नहीं लगाया जाएगा। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक हालात संवेदनशील जरूर हैं, लेकिन अभी ऐसा कोई कारण नहीं है जिससे मुस्ताफिजुर को आईपीएल खेलने से रोका जाए। गौरतलब है कि अगस्त 2024 में बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद वहां राजनीतिक अस्थिरता बढ़ी थी और हिंसक घटनाएं भी सामने आई थीं। इसी दौरान भारत ने बांग्लादेश दौरा स्थगित किया था और दोनों देशों के बीच वीजा संबंधी दिक्कतें भी बढ़ीं।
NOC और वीजा बना बड़ा सवाल
मुस्ताफिजुर की उपलब्धता पूरी तरह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के एनओसी पर निर्भर करेगी। अप्रैल में बांग्लादेश को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज खेलनी है। अगर बीसीबी ने एनओसी देने से इनकार किया तो मुस्ताफिजुर आईपीएल के कई मुकाबले मिस कर सकते हैं। बीसीसीआई फिलहाल विदेश मंत्रालय के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बांग्लादेशी खिलाड़ियों के वीजा को लेकर बातचीत कर रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि वर्ल्ड कप के लिए मिलने वाला वीजा आईपीएल तक बढ़ाया जा सकता है, लेकिन मौजूदा माहौल में हर फैसला सस्पेंस से भरा हुआ है।
W88 Sports News




