
14 गेंदों में अर्धशतक, 50वां पावरप्ले छक्का, अभिषेक शर्मा ने गुवाहाटी में रचा इतिहास, युवराज का रिकॉर्ड फिर चर्चा में
गुवाहाटी टी20 में अभिषेक शर्मा ने 14 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया। पावरप्ले में 50वां छक्का लगाते हुए 20 गेंदों पर 68 रन की पारी से उन्होंने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा का बल्ला पूरी तरह आग उगलता दिखा। युवा ओपनर ने शुरुआत से ही कीवी गेंदबाजों पर हमला बोल दिया और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अभिषेक ने महज 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया और इसी के साथ वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अब भी युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में यह कारनामा किया था।
छक्के से बनाया खास रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने अपना अर्धशतक छठे ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर पूरा किया। यह छक्का सिर्फ पचास पूरा करने तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके करियर का एक खास पल भी बन गया। दरअसल, यह टी20 इंटरनेशनल पावरप्ले में उनका 50वां छक्का था। इसके साथ ही 25 साल के अभिषेक पावरप्ले में 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए। इस सूची में उनसे पहले सिर्फ रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने पावरप्ले ओवरों में 98 छक्के लगाए हैं।
कम पारियों में बड़ा कारनामा
इस रिकॉर्ड को और खास बनाता है अभिषेक का कम पारियों में यह मुकाम हासिल करना। जहां रोहित शर्मा ने 134 पारियों में यह आंकड़ा छुआ, वहीं अभिषेक ने सिर्फ 34 पारियों में 50 छक्के पूरे कर लिए। केएल राहुल भी इस लिस्ट में शामिल हैं, जिनके नाम 65 पारियों में 44 छक्के दर्ज हैं। लेकिन इतनी कम पारियों में इतना बड़ा रिकॉर्ड बनाकर अभिषेक ने साफ कर दिया है कि वह आने वाले समय में भारत के बड़े सिक्स हिटर बन सकते हैं। टी20 क्रिकेट में उनकी बल्लेबाजी का अंदाज पूरी तरह निडर और आक्रामक नजर आ रहा है।
68 रन की पारी ने बदला मैच का रुख
अभिषेक शर्मा ने इस मुकाबले में सिर्फ 20 गेंदों पर 68 रन की नाबाद पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए। खास बात यह रही कि उनके 68 में से 58 रन सिर्फ बाउंड्री से आए और उन्होंने सिर्फ 10 रन दौड़कर बनाए। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने मैच की दिशा पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दी। इस पारी के साथ अभिषेक ने यह साबित कर दिया कि टीम इंडिया को एक ऐसा ओपनर मिल चुका है, जो बड़े मंच पर किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस नहस करने का दम रखता है।
W88 Sports NEws




