क्रिकेट

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उम्र नहीं बनेगी बाधा, 40 पार के ये खिलाड़ी युवाओं का बिगाड़ सकते हैं खेल !

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उम्र बाधा नहीं बनेगी। 40 पार के अनुभवी खिलाड़ी अपने अनुभव से युवाओं का खेल बिगाड़ सकते हैं। दबाव वाले मैचों में ये सीनियर सितारे टीमों के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं।

भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट में जहां युवा खिलाड़ियों की फुर्ती दिखेगी, वहीं सीनियर खिलाड़ियों का अनुभव भी बड़ी भूमिका निभाता नजर आएगा। आमतौर पर टी20 क्रिकेट को युवाओं का फॉर्मेट माना जाता है, लेकिन बीते कुछ सालों में तस्वीर बदलती दिखी है। कई बार बड़े मुकाबलों में वही टीमें जीती हैं, जिनके पास जोश के साथ तजुर्बा भी रहा है। यही वजह है कि इस वर्ल्ड कप में कुछ उम्रदराज खिलाड़ी चर्चा में हैं, जो उस उम्र में खेल रहे हैं, जब कई क्रिकेटर रिटायरमेंट ले चुके होते हैं।

ब्रेंडन टेलर और मोहम्मद नबी का अनुभव

जिम्बाब्वे के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर 40 साल की उम्र में भी टीम की सबसे बड़ी ताकत बने हुए हैं। बैन के बाद उनकी वापसी शानदार रही है। 58 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1185 रन उनके अनुभव और क्लास को दिखाते हैं। अगर टेलर लय में आए, तो जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी मजबूत हो सकती है।

वहीं अफगानिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी 41 साल की उम्र में भी टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। 147 टी20 इंटरनेशनल में 2430 रन और 104 विकेट यह बताते हैं कि नबी हर विभाग में योगदान दे सकते हैं। उनका अनुभव दबाव के मैचों में अफगानिस्तान के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है।

वैन डेर मेरवे और वेन मैडसेन की भूमिका

नीदरलैंड के ऑलराउंडर रूलोफ वैन डेर मेरवे 41 साल की उम्र में भी गेंद और बल्ले से मैच का रुख बदलने का दम रखते हैं। 67 टी20 इंटरनेशनल में 74 विकेट और किफायती गेंदबाजी उनका सबसे बड़ा हथियार है। ऐसे खिलाड़ी टी20 में विरोधी टीम को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

इटली के कप्तान वेन मैडसेन 42 साल के हैं और टीम उनसे नेतृत्व और समझदारी की उम्मीद कर रही है। भले ही इंटरनेशनल अनुभव कम हो, लेकिन घरेलू और लीग क्रिकेट का उनका तजुर्बा इटली के लिए फायदेमंद हो सकता है। गलत फैसले यहां भारी पड़ सकते हैं, इसलिए कप्तानी में उनका अनुभव अहम है।

मोहम्मद नदीम सबसे सीनियर खिलाड़ी

ओमान के पूर्व कप्तान मोहम्मद नदीम इस टी20 वर्ल्ड कप के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी होंगे। 43 साल की उम्र में भी उनका जज्बा बरकरार है। 70 टी20 इंटरनेशनल में 805 रन और 40 विकेट उनके लंबे करियर की कहानी कहते हैं। नदीम का अनुभव युवा खिलाड़ियों को संभालने में मदद करेगा। अगर ऐसे सीनियर खिलाड़ी नहीं चले, तो टीमों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। यही कारण है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अनुभव और उम्र, दोनों पर सबकी नजरें टिकी होंगी।

W88 Sports News