क्रिकेट

वर्ल्ड कप से पहले ओपनिंग पर बड़ा सवाल, ईशान की आंधी संजू की नाकामी से टीम इंडिया को हो सकता है नुकसान ?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ओपनिंग को लेकर टीम इंडिया की टेंशन बढ़ गई है। ईशान किशन के धमाकेदार प्रदर्शन के मुकाबले संजू सैमसन की नाकामी ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि गलत फैसला भारत को महंगा पड़ सकता है।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली गई, जिसमें टीम इंडिया ने 4-1 से शानदार जीत दर्ज की। इस सीरीज के सबसे बड़े हीरो ईशान किशन रहे। तिरुवनंतपुरम में खेले गए आखिरी मैच में ईशान ने तूफानी शतक जड़ा और अपने आक्रामक अंदाज से सबका ध्यान खींच लिया। उनकी इस बल्लेबाजी के बाद फैंस और क्रिकेट जानकार लगातार मांग कर रहे हैं कि उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में बतौर ओपनर मौका मिलना चाहिए।

संजू की नाकामी से बढ़ी चिंता

इस सीरीज में जहां ईशान किशन ने दिल जीता, वहीं संजू सैमसन पूरी तरह फ्लॉप नजर आए। 5 मैचों में संजू सिर्फ 46 रन ही बना सके। ओपनर के तौर पर उन्हें कई मौके दिए गए, लेकिन वह उनका फायदा नहीं उठा पाए। दूसरी ओर अभिषेक शर्मा ने आक्रामक पारियां खेलीं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर वर्ल्ड कप में भी ओपनिंग जोड़ी से अच्छी शुरुआत नहीं मिली, तो बड़े मुकाबलों में टीम इंडिया को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

आंकड़े साफ बताते हैं किसका पलड़ा भारी

अगर दोनों बल्लेबाजों के आंकड़ों पर नजर डालें तो फर्क साफ दिखता है। ईशान किशन ने सिर्फ 4 मैचों में 215 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक और एक शतक शामिल है। वह एक मैच चोट की वजह से नहीं खेल पाए थे। वहीं संजू सैमसन ने 5 मैच खेलकर सिर्फ 46 रन बनाए। बाउंड्री हिटिंग में भी ईशान काफी आगे रहे। उन्होंने 4 मैचों में 22 चौके और 16 छक्के लगाए, जबकि संजू के बल्ले से पूरी सीरीज में सिर्फ 6 चौके और 2 छक्के ही निकले। ये आंकड़े वर्ल्ड कप से पहले टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ा संकेत हैं।

वर्ल्ड कप में ओपनिंग को लेकर बड़ा फैसला जरूरी

टीम मैनेजमेंट ने इस सीरीज में संजू सैमसन को पूरा मौका दिया, लेकिन नतीजे निराशाजनक रहे। वहीं ईशान किशन ने मिले मौके को पूरी तरह भुनाया। अब तिलक वर्मा भी फिट होकर टीम से जुड़ने वाले हैं। ऐसे में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा को ओपनिंग में उतारना टीम के लिए फायदेमंद हो सकता है। तिलक को नंबर 3 या 4 पर खिलाया जा सकता है। अगर सही संयोजन नहीं चुना गया, तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मजबूत शुरुआत न मिल पाने का नुकसान टीम इंडिया को बड़े मैचों में भुगतना पड़ सकता है।

W88 Sports News