
IPL से भी संन्यास: आर अश्विन का सफर, विकेटों से ज्यादा विवादों ने बनाई सुर्खियां
रविचंद्रन अश्विन ने IPL से संन्यास ले लिया है। 187 विकेट लेने वाले इस स्पिनर का करियर जितना कामयाब रहा, उतना ही विवादों से भी जुड़ा रहा—जैसे बटलर रनआउट, खुद को रिटायर आउट करना और यूट्यूब पर टीम रणनीति उजागर करना।
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाद अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को भी अलविदा कह दिया है. सोशल मीडिया पर संन्यास की घोषणा करते हुए अश्विन ने अपने करियर के सुनहरे पलों को याद किया. 187 विकेट चटकाने वाले इस ऑफ स्पिनर ने अपने हुनर से कई बार सुर्खियां बटोरीं, लेकिन IPL में उनका नाम विवादों से भी गहराया रहा. आइए नजर डालते हैं अश्विन के चार बड़े विवादों पर, जिन्होंने खूब चर्चा बटोरी.
बटलर रनआउट का बवाल (2019)
2019 के सीजन में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के मैच में बड़ा विवाद खड़ा हुआ. जोस बटलर नॉन-स्ट्राइकर एंड पर गेंद डाले जाने से पहले ही क्रीज से बाहर निकल गए थे. अश्विन ने नियमों का फायदा उठाते हुए उन्हें रन आउट कर दिया. इसे लेकर क्रिकेट जगत बंट गया—कुछ ने इसे स्मार्ट क्रिकेट कहा, तो कुछ ने ‘स्पिरिट ऑफ द गेम’ पर सवाल उठाए.
खुद को किया रिटायर आउट (2022)
IPL 2022 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए अश्विन ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जानबूझकर खुद को रिटायर आउट कर दिया. IPL इतिहास में ऐसा करने वाले वे पहले खिलाड़ी बने. इस फैसले ने बहस छेड़ दी कि यह रणनीतिक चाल थी या खेल की आत्मा के खिलाफ कदम.
यूट्यूब पर टीम स्ट्रेटेजी का खुलासा
अश्विन अपने यूट्यूब चैनल के लिए भी जाने जाते हैं, लेकिन एक बार वे इस वजह से विवादों में फंस गए. उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की टीम स्ट्रेटेजी पर चर्चा कर दी, जिससे फ्रेंचाइजी नाखुश हो गई. इसके बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से ऐलान किया कि IPL 2025 के बाकी सीजन में वे CSK की रणनीति से जुड़े कोई प्रीव्यू या रिव्यू अपने चैनल पर नहीं करेंगे.
ब्रेविस पर खर्च करने की बात
IPL 2025 के दौरान अश्विन ने यूट्यूब पर खुलासा किया था कि CSK दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को खरीदने के लिए अतिरिक्त पैसे देने को तैयार थी. मामला इतना बढ़ा कि फ्रेंचाइजी को आधिकारिक बयान जारी कर सफाई देनी पड़ी कि ब्रेविस का अनुबंध पूरी तरह IPL के नियमों के मुताबिक हुआ है.
W88 Sports News




