
IPL के ‘थप्पड़ कांड’ पट फूटा श्रीसंत की पत्नी का गुस्सा, सुनाई इस दिग्गज को खरी खोटी!
आईपीएल 2008 के 'थप्पड़ कांड' का कथित वीडियो सामने आने पर श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी भड़क उठीं। उन्होंने ललित मोदी और माइकल क्लार्क की आलोचना की और कहा कि 17 साल पुरानी घटना को फिर से उछालना बेहद दुखद और अनुचित है।
IPL इतिहास के सबसे बड़े विवादों में से एक ‘थप्पड़ कांड’ एक बार फिर सुर्खियों में है. दरअसल, आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क के पॉडकास्ट में इस घटना का कथित असली वीडियो साझा कर दिया है. दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो अब तक कभी सार्वजनिक नहीं हुआ था. इसमें साफ दिख रहा है कि मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी हरभजन सिंह ने पंजाब के तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था. इस वीडियो ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है और पुराने जख्म एक बार फिर हरे हो गए हैं.
17 साल पुराना विवाद फिर चर्चा में
ये विवाद आईपीएल 2008 के पहले सीजन में हुआ था. मोहाली में खेले गए मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के मैच के बाद श्रीसंत मैदान पर भावुक होकर रोते नजर आए थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाब की जीत के बाद श्रीसंत ने हरभजन से मजाकिया लहजे में कुछ कहा था, जिस पर भज्जी अपना आपा खो बैठे और उन्होंने श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया. ये घटना उस समय इतनी बड़ी बनी कि मीडिया ने इसे हफ्तों तक कवर किया था.
श्रीसंत की पत्नी का फूटा गुस्सा
ललित मोदी द्वारा वीडियो साझा किए जाने के बाद श्रीसंत के परिवार की नाराज़गी सामने आई. उनकी पत्नी भुवनेश्वरी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 17 साल पुरानी घटना को घसीटना बेहद शर्मनाक है. उन्होंने ललित मोदी और माइकल क्लार्क को आड़े हाथों लेते हुए कहा- खिलाड़ियों के सम्मान के साथ इस तरह का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए. पुराने जख्म कुरेदना और परिवार को फिर से परेशान करना सही नहीं है. बता दें वीडियो सामने आते ही क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है. कई पूर्व खिलाड़ियों और फैन्स ने सोशल मीडिया पर इस पर अपनी राय दी. कुछ लोगों का कहना है कि अतीत की गलतियों को बार-बार उछालने से केवल खिलाड़ियों की छवि धूमिल होती है. वहीं कुछ ने इसे इतिहास का सच बताते हुए ललित मोदी के फैसले को सही ठहराया.
BCCI ने लिया था बड़ा एक्शन
बता दें उस समय इस विवाद के बाद हरभजन सिंह पर BCCI ने कड़ा एक्शन लिया था. उन्हें पूरे सीजन से निलंबित कर दिया गया और भारी जुर्माना भी लगाया गया था हालांकि बाद में हरभजन और श्रीसंत ने व्यक्तिगत स्तर पर इस मसले को सुलझा लिया था. लेकिन अब फिर से थप्पड़ कांड चर्चा में है
W88 Sports News




