
7 बार की चैंपियन ने चुनी ऐसी टीम जो भारत में लिख सकती है नई कहानी – कौन होगा ऑस्ट्रेलिया का गेम-चेंजर?
ऑस्ट्रेलिया ने महिला वनडे विश्व कप 2025 के लिए अपनी टीम घोषित कर दी है। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ नई प्रतिभाओं को भी मौका मिला है। कप्तान एलिसा हीली नेतृत्व करेंगी और सोफी मोलिनक्स की वापसी स्पिन आक्रमण को मजबूती देगी।
सात बार की विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलिया ने महिला वनडे विश्व कप 2025 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. भारत और श्रीलंका में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए चयनकर्ताओं ने अनुभवी और नई प्रतिभाओं का बेहतरीन संतुलन साधा है. कप्तान एलिसा हीली एक बार फिर टीम की अगुआई करेंगी और अपने तीसरे वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाने के मिशन पर होंगी.
अनुभव और युवा जोश का परफेक्ट कॉम्बिनेशन
टीम की रीढ़ एक बार फिर एलिस पेरी, बेथ मूनी, ऐश गार्डनर और ताहलिया मैक्ग्राथ जैसी स्टार खिलाड़ियों के हाथ में होगी, जो बड़े मंच पर दबाव झेलने में माहिर हैं. युवा बल्लेबाज जॉर्जिया वोल पहली बार विश्व कप में डेब्यू करने को तैयार हैं, जबकि फोएबे लिचफील्ड, जॉर्जिया वेयरहैम और किम गार्थ भी अपनी पहली 50 ओवर की विश्व कप टीम में जगह बनाने में कामयाब रही हैं.
स्पिन अटैक में सोफी मोलिनक्स की वापसी
ऑस्ट्रेलिया की फिजियो केट बीरवर्थ ने बताया कि सोफी मोलिनक्स की वापसी टीम के स्पिन आक्रमण को और गहराई देगी. अलाना किंग और वेयरहैम के साथ मोलिनक्स का होना भारत की धीमी पिचों पर बड़ा हथियार साबित हो सकता है. घुटने की सर्जरी के बाद उनकी फिटनेस उम्मीद से बेहतर रही है और 30 सितंबर से पहले उनके पूरी तरह फिट होने की संभावना है.
उपमहाद्वीप में खेलने का अनुभव बनेगा प्लस पॉइंट
ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने कहा कि भारत में खेलना किसी भी टीम के लिए बड़ी चुनौती है, लेकिन हाल के उपमहाद्वीप दौरों और महिला प्रीमियर लीग से मिली सीख टीम के लिए अमूल्य साबित होगी.
फैंस के लिए खुशखबरी – सस्ते टिकट और प्री-सेल ऑफर
आईसीसी ने महिला वर्ल्ड कप के टिकटों की प्री-सेल 4 सितंबर से शुरू कर दी है, जो चार दिन तक चलेगी. टिकट सिर्फ 100 रुपये से शुरू हो रहे हैं, जिससे ज्यादा से ज्यादा फैंस स्टेडियम में पहुंचकर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा सकेंगे.




