
5 पारियां, 5 फिफ्टी – मैथ्यू ब्रीट्जके ने बनाया ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड जिसे तोड़ना मुश्किल!
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके ने वनडे क्रिकेट में अनोखा रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने लगातार पांच पारियों में 50+ स्कोर कर इतिहास रच दिया। डेब्यू से ही धमाल मचाने वाले ब्रीट्जके अब आईपीएल में भी जलवा दिखाने को तैयार हैं।
दक्षिण अफ्रीका के युवा सनसनी मैथ्यू ब्रीट्जके क्रिकेट की दुनिया में नया इतिहास लिख रहे हैं. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में उन्होंने 77 गेंदों पर नाबाद 85 रन जड़े और लगातार पांचवीं बार 50+ स्कोर बना डाला. इसके साथ ही वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने अपने वनडे करियर की शुरुआती पांच पारियों में फिफ्टी या उससे ज्यादा का स्कोर किया हो.
डेब्यू में ही धमाका
मैथ्यू ब्रीट्जके ने इसी साल पाकिस्तान के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था और पहले ही मैच में 150 रन ठोककर क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया था. डेब्यू मैच में यह सबसे बड़ा स्कोर है, जो आज भी उनके नाम दर्ज है. शुरुआती पांच पारियों में उनका रिकॉर्ड – एक शतक और चार अर्धशतक – किसी भी खिलाड़ी के लिए सपना जैसा है.
बचपन से स्टार परफॉर्मर
26 साल के ब्रीट्जके ने बहुत छोटी उम्र से क्रिकेट में अपना टैलेंट दिखाना शुरू कर दिया था. 14 साल की उम्र में ग्रे हाई स्कूल की फर्स्ट टीम से खेलने वाले मैथ्यू 16 साल में ही दक्षिण अफ्रीका की अंडर-19 टीम के अहम खिलाड़ी बन गए. उन्होंने यूथ वनडे में 1000 से ज्यादा रन बनाए और 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने.
घरेलू क्रिकेट का किंग
2022-23 के सीएसए फोर-डे टूर्नामेंट में उन्होंने तीन शतक और चार अर्धशतक लगाकर सबसे ज्यादा रन बनाए. इसके बाद एसए20 और सीएसए टी20 चैलेंज में भी धमाकेदार प्रदर्शन कर उन्होंने सिलेक्टर्स का ध्यान खींचा.
आईपीएल में भी धमाल तय
ब्रीट्जके की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जाइंट्स ने उन्हें 57 लाख रुपये में खरीदा. अब भारतीय फैंस को भी उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी देखने का मौका मिलेगा.
W88 Sports News




