
पीसीबी में बड़ा झटका, अजहर अली ने अचानक दिया इस्तीफा. सरफराज की बढ़ी ताकत
पीसीबी में बड़ा बदलाव हुआ है। अजहर अली ने अचानक सेलेक्शन और यूथ डेवलपमेंट हेड के पद से इस्तीफा दे दिया। माना जा रहा है कि सरफराज अहमद को मिली बढ़ी शक्तियों के बाद उनका इस्तीफा सामने आया है।
पाकिस्तान क्रिकेट में एक और बड़ा उलटफेर हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के पूर्व कप्तान अजहर अली ने नेशनल सेलेक्शन कमेटी और यूथ डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के हेड पद से इस्तीफा दे दिया है. सूत्रों का कहना है कि उनका इस्तीफा बोर्ड ने स्वीकार भी कर लिया है.
सरफराज को पूरा चार्ज मिलने से बढ़ी नाराजगी
अजहर के करीबी सूत्रों ने बताया कि उनकी नाराजगी तब बढ़ी जब PCB ने अचानक सरफराज अहमद को पाकिस्तान शाहीन और अंडर 19 टीमों की पूरी कमान सौंप दी. ये फैसला बिना किसी जानकारी के लिया गया, जिससे अजहर को लगा कि उनके अधिकार कम किए जा रहे हैं.
अकादमी प्लान्स ठंडे बस्ते में
सूत्रों के अनुसार अजहर पिछले कुछ महीनों से PCB की धीमी कार्यशैली से परेशान थे. युवा खिलाड़ियों की ग्रूमिंग से जुड़े कई अहम प्लान आगे नहीं बढ़े. लगातार देरी से उनकी निराशा बढ़ती गई और उन्हें महसूस हुआ कि उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा.
अजहर के अनुभव पर लगा ब्रेक
40 साल के अजहर अली पाकिस्तान के लिए 97 टेस्ट खेल चुके हैं. पिछले साल उन्हें सेलेक्टर और यूथ डेवलपमेंट विभाग की कमान दी गई थी. लेकिन बोर्ड के इस अचानक फैसले के बाद उन्हें लगा कि उनका रोल सीमित कर दिया गया है.
सरफराज को मिली पूरी ताकत
सूत्रों के मुताबिक सरफराज अहमद, जो कुछ समय से PCB के साथ मेंटर और क्रिकेट सलाहकार की भूमिका निभा रहे थे, अब दो टीमों की पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे. चयन से लेकर ट्रेनिंग कैंप, खिलाड़ियों की तैयारियां और टीम के साथ ट्रैवल तक सब पर उनका अधिकार रहेगा.
पीसीबी में पुरानी आदत दोहराई गई
पाकिस्तान क्रिकेट में ये पहली बार नहीं है जब किसी बड़े नाम को बीच में ही हटाया गया हो. हाल के वर्षों में कई भारतीय और विदेशी कोच अपने कॉन्ट्रैक्ट पूरे नहीं कर पाए. ताजा मामला महिला टीम के कोच मुहम्मद वसीम का है, जिन्हें वर्ल्ड कप में टीम के आखिरी स्थान पर रहने के बाद हटा दिया गया.
W88 Sports News




