
संजू सैमसन पहुंचे CSK, जडेजा की राजस्थान में घर वापसी. कौन बनेगा RR का नया कप्तान?
IPL 2026 से पहले बड़ा ट्रेड हुआ है। संजू सैमसन CSK में और रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स में लौट आए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल है कि RR का अगला कप्तान कौन होगा—जडेजा, रियान पराग या कोई तीसरा विकल्प।
IPL 2026 से पहले बड़ा ट्रेड देखने को मिला है. रिपोर्ट के मुताबिक 2013 से राजस्थान रॉयल्स से जुड़े संजू सैमसन अब चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे. वहीं रवींद्र जडेजा की 15 साल बाद राजस्थान रॉयल्स में वापसी हुई है. संजू को 18 करोड़ में CSK ने साइन किया, जबकि जडेजा की सैलरी 18 से घटाकर 14 करोड़ कर दी गई.
जडेजा की ‘घर वापसी’ और कप्तानी का सवाल
जडेजा के लिए RR पुराना घर है. उन्होंने 2008 और 2009 में यहीं से IPL की शुरुआत की थी. अब उनके सामने सबसे बड़ा सवाल है कि क्या वो राजस्थान की कप्तानी संभालेंगे. सूत्रों के अनुसार जडेजा सीनियरिटी और अनुभव के दम पर रियान पराग और यशस्वी जायसवाल को पीछे छोड़ सकते हैं.
क्यों फंसा है कप्तानी का मामला
जडेजा दावेदार तो हैं, लेकिन उनकी कप्तानी रिकॉर्ड बड़ा सवाल है. 2022 में CSK की कप्तानी करते हुए उन्होंने 8 में से सिर्फ 2 मैच जीते थे. बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों पर असर पड़ा और उन्हें सीजन के बीच कप्तानी छोड़नी पड़ी. इसी वजह से RR मैनेजमेंट भी तुरंत फैसला नहीं करना चाहता.
RR मैनेजमेंट का क्या कहना है
RR के मालिक मनोज बडाले ने साफ कहा है कि कप्तानी अभी चर्चा का विषय नहीं है. ESPNcricinfo को दिए बयान में उन्होंने कहा कि उनके पास छह से सात संभावित कप्तान हैं. जडेजा को लीडरशिप ग्रुप में शामिल किया गया है, लेकिन अंतिम फैसला एक प्रक्रिया के बाद होगा.
मोहम्मद कैफ का बड़ा बयान
पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा कि कुमार संगकारा रियान पराग को लंबे समय से जानते हैं और RR ने उन पर निवेश किया है. ऐसे में तुरंत जडेजा को कप्तानी मिलना मुश्किल है. कैफ के अनुसार अभी भी रियान पराग ही राजस्थान के सबसे मजबूत कप्तान उम्मीदवार दिखाई देते हैं.
RR की कप्तानी का इतिहास
रियान पराग: 8 मैच, 2 जीते
संजू सैमसन: 67 मैच, 33 जीते
अजिंक्य रहाणे: 24 मैच, 9 जीते
स्टीव स्मिथ: 27 मैच, 15 जीते
राहुल द्रविड़: 40 मैच, 23 जीते
शेन वॉटसन: 21 मैच, 7 जीते
शेन वॉर्न: 56 मैच, 31 जीते
CSK में संजू सैमसन की नई चुनौती
चेन्नई में संजू के सामने नया माहौल और नई जिम्मेदारी होगी. CSK की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ ही करेंगे. पिछले सीजन में ऋतुराज की चोट के बाद धोनी ने टीम संभाली थी. CSK पहले ही साफ कर चुका है कि कप्तानी को लेकर कोई बदलाव नहीं होगा.
CSK की कप्तानी का रिकॉर्ड
ऋतुराज गायकवाड़: 19 मैच, 8 जीते
रवींद्र जडेजा: 8 मैच, 2 जीते
सुरेश रैना: 6 मैच, 3 जीते
एमएस धोनी: 244 मैच, 145 जीते
W88 Sports News




