
कौन कहता है भुवनेश्वर का करियर खत्म? सिर्फ 18 गेंदों में बना डाला इतिहास
भुवनेश्वर कुमार ने यूपी टी20 लीग में लखनऊ फाल्कन्स की ओर से खेलते हुए 3 ओवर में 4 विकेट झटककर धमाकेदार वापसी की। उनकी गेंदबाज़ी से टीम ने काशी रुद्रा को 59 रन से हरा दिया।
लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने एक बार फिर अपने अनुभव और हुनर का जलवा दिखा दिया. यूपी टी20 लीग के आखिरी लीग मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स की कप्तानी कर रहे भुवी ने काशी रुद्रा के खिलाफ ऐसा कहर बरपाया कि बल्लेबाज एक-एक रन के लिए जूझते नजर आए. भुवनेश्वर ने सिर्फ 3 ओवर में 12 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए और मैच का पूरा रुख पलट दिया.
लखनऊ की बल्लेबाजी में अराध्या का तूफान
पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 1 रन पर ही पहला विकेट गंवा दिया. लेकिन इसके बाद युवा बल्लेबाज अराध्या यादव ने शानदार जिम्मेदारी निभाई. उन्होंने 49 गेंदों पर 79 रन ठोक डाले, जिसमें 8 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. उनकी इस पारी ने लखनऊ के स्कोर को मजबूत आधार दिया. समीर चौधरी (25 रन) और मोहम्मद सैफ (18 रन) ने भी छोटे-छोटे योगदान दिए और टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 161 रन बनाए.
काशी की बल्लेबाजी रही पूरी तरह नाकाम
162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी रुद्रा की टीम की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं रही. टीम ने बिना खाता खोले ही पहला विकेट गंवा दिया. टॉप ऑर्डर में कुछ साझेदारियां जरूर बनीं, लेकिन मिडिल ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त हो गया. खासकर आखिरी के छह बल्लेबाज तो मिलकर केवल 19 रन ही जोड़ पाए. यही वजह रही कि पूरी टीम 18.3 ओवर में 102 रनों पर सिमट गई.
लखनऊ की 59 रन से धमाकेदार जीत
भुवनेश्वर कुमार की धारदार गेंदबाजी और अराध्या यादव की तूफानी पारी की बदौलत लखनऊ फाल्कन्स ने मुकाबला एकतरफा अंदाज में 59 रन से अपने नाम किया. इस जीत के साथ भुवनेश्वर ने यह साबित कर दिया कि भले ही वे टीम इंडिया से बाहर हों, लेकिन उनकी गेंदबाजी की धार अब भी बल्लेबाजों के लिए काल बनी हुई है.
W88 Sports News




