
15 गोलों की बरसात! भारत ने कजाकिस्तान को मैदान से किया गायब – पढ़ें पूरा रोमांच
एशिया कप हॉकी में भारत ने कजाकिस्तान को 15-0 से हराकर धमाकेदार जीत दर्ज की। अभिषेक ने 4 गोल किए और जुगराज ने हैट्रिक पूरी की। इस जीत से भारत ने पूल-ए में टॉप पोजीशन हासिल की।
भारत ने एशिया कप हॉकी में एकतरफा मुकाबले में कजाकिस्तान को 15-0 से रौंद दिया. यह जीत भले ही सुपर-4 का टिकट पक्का होने के बाद आई हो, लेकिन इससे भारत ने पूल-ए में टॉप पोज़िशन भी हासिल कर ली. चीन, जापान को पहले ही मात दे चुकी भारतीय टीम ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अपना विजय अभियान जारी रखा.
अभिषेक और सुखजीत का शुरुआती हमला
मैच की शुरुआत से ही भारत ने आक्रामक रुख अपनाया. पांचवें मिनट में अभिषेक ने शानदार रिवर्स शॉट से खाता खोला और तीन मिनट बाद दूसरा गोल दाग दिया. क्वार्टर खत्म होने से पहले ही सुखजीत ने अभिषेक से मिले पास को गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया. कजाकिस्तान ने पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने कोई चूक नहीं की.
पेनल्टी कॉर्नर पर गोलों की बारिश
दूसरे क्वार्टर में भारत ने पेनल्टी कॉर्नर्स पर पूरी पकड़ दिखाई. जुगराज ने 23वें मिनट में गोल किया, उसके बाद कप्तान हरमनप्रीत ने भी फ्लिक को गोल में बदल डाला. अमित रोहिदास ने हाफ टाइम से ठीक पहले स्कोर 7-0 कर दिया. मध्यांतर तक भारत मैच पर पूरी तरह हावी हो चुका था.
जुगराज की हैट्रिक, राजिंदर और संजय भी चमके
तीसरे क्वार्टर में जुगराज ने पेनल्टी स्ट्रोक से अपनी हैट्रिक पूरी की. वहीं राजिंदर और सुखजीत ने गोल दागकर बढ़त को दहाई अंक में पहुंचा दिया. चौथे क्वार्टर में संजय ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया और दिलप्रीत ने भी अपना नाम स्कोरशीट में दर्ज कराया.
अभिषेक का चौथा गोल और भारत की बड़ी जीत
मैच के आखिरी मिनटों में अभिषेक ने अपना चौथा गोल कर स्कोर 15-0 तक पहुंचा दिया. यह जीत न सिर्फ भारत की ताकत का सबूत है, बल्कि सुपर-4 में बाकी टीमों के लिए चेतावनी भी है. अब भारत, चीन, मलेशिया और कोरिया आपस में भिड़ेंगे और शीर्ष दो टीमें फाइनल में जगह बनाएंगी.
W88 Sports News




