
20 ओवर में 304 रन! इंग्लैंड की धमाकेदार जीत – लेकिन वर्ल्ड रिकॉर्ड अभी भी किसी और के नाम
इंग्लैंड ने टी20 इंटरनेशनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 304 रन ठोककर धमाकेदार जीत दर्ज की। फिल सॉल्ट के शतक और बटलर की विस्फोटक पारी से टीम ने इतिहास रचा। वर्ल्ड रिकॉर्ड अब भी जिम्बाब्वे के नाम है।
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में शुक्रवार को खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड ने रन मशीन चालू कर दी. मेजबान टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 20 ओवर में केवल दो विकेट खोकर 304 रन ठोक डाले. ये टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. 18 छक्के और 30 चौकों से सजा यह धमाकेदार स्कोर देख दर्शक भी हैरान रह गए.
फिल सॉल्ट का तुफानी शतक
इस ऐतिहासिक स्कोर का सबसे बड़ा हीरो रहे फिल सॉल्ट, जिन्होंने केवल 60 गेंदों में नाबाद 141 रन जड़े. उनके साथ जोस बटलर ने 30 गेंदों में 83 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. जैकब बेथेल और कप्तान हैरी ब्रूक ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर इंग्लैंड को 300 के पार पहुंचा दिया.
अफ्रीका की बैटिंग फ्लॉप शो
305 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम पूरी तरह बिखर गई. कप्तान एडेन मार्करम के 41 रनों को छोड़ कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका. पूरी टीम 23 गेंद पहले ही 158 रन पर ढेर हो गई. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट चटकाए, जबकि सैम करन और विल जैक्स को दो-दो सफलताएं मिलीं.
वर्ल्ड रिकॉर्ड अभी भी जिम्बाब्वे के नाम
हालांकि इंग्लैंड का यह स्कोर टी20 इंटरनेशनल का सबसे बड़ा स्कोर नहीं है. यह रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के नाम है, जिसने 23 अक्टूबर 2024 को नैरोबी में गाम्बिया के खिलाफ 344/4 रन बनाए थे. नेपाल ने भी एशियन गेम्स 2023 में मंगोलिया के खिलाफ 314/3 रन ठोके थे. भारत भी इस लिस्ट में पीछे नहीं है, जिसने बांग्लादेश के खिलाफ 297/6 रन बनाए थे.
सीरीज अब बराबरी पर
इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है. अब सबकी निगाहें निर्णायक तीसरे मैच पर हैं, जो दोनों टीमों के बीच रोमांचक फाइनल जैसा साबित हो सकता है.
W88 Sports News




