क्रिकेट

भारत-पाक टी20 में हार्दिक का दबदबा: हर मैच में विकेट, बने नंबर-1 विकेट टेकर

हार्दिक पंड्या ने भारत-पाक टी20 मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए हर मैच में विकेट लिया है। वे 7 मैचों में 13 विकेट लेकर टॉप विकेट टेकर हैं। एशिया कप 2025 में भी उन पर सबकी निगाहें होंगी।

एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा टकराव तय हो चुका है. भारत और पाकिस्तान की टीमें 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का रोमांच क्रिकेटप्रेमियों के सिर चढ़कर बोलेगा.

पंड्या का खास रिकॉर्ड
जब बात भारत-पाक मैचों की आती है तो सबकी नजर बल्लेबाजों पर जाती है, लेकिन गेंदबाजी के आंकड़े एक अलग कहानी कहते हैं. पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हार्दिक पंड्या हैं. उन्होंने अब तक खेले गए 7 मैचों में हर बार विकेट लिया है और कई मौकों पर भारत की जीत के सूत्रधार बने हैं.

पहले ही मैच में धमाकेदार आगाज
हार्दिक ने 2016 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना डेब्यू मैच खेला था और उसी मुकाबले में 2.28 की किफायती इकोनॉमी से 3 विकेट झटके. इसके बाद से उन्होंने हर मैच में विकेट चटकाए और कुल मिलाकर 7.25 की इकोनॉमी से 13 विकेट अपने नाम किए. यही आंकड़ा उन्हें इस सूची में नंबर वन बनाता है.

भारत के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर
आज हार्दिक पंड्या भारतीय टीम के सबसे अनुभवी ऑलराउंडर माने जाते हैं. टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम अब तक 94 विकेट दर्ज हैं और वह भारत के लिए इस फॉर्मेट में तीसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं. उनसे आगे केवल अर्शदीप सिंह (99 विकेट) और युजवेंद्र चहल (96 विकेट) हैं.

दूसरे भारतीय गेंदबाजों का रिकॉर्ड
भारत के अन्य गेंदबाजों ने भी पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है. अर्शदीप सिंह ने 4 मैचों में 7 विकेट लिए हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह ने उतने ही मैचों में 5 विकेट झटके हैं. भुवनेश्वर कुमार (11 विकेट) और इरफान पठान (6 विकेट) भी इस सूची में शामिल हैं. खास बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अर्शदीप और बुमराह दोनों ने पाकिस्तान के खिलाफ जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.

भारत-पाक मैच हमेशा ही क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार होते हैं. लेकिन इस बार एक और दिलचस्प पहलू है—गेंदबाजी के मोर्चे पर हार्दिक पंड्या की बादशाहत. दुबई में होने वाले इस महामुकाबले में निगाहें एक बार फिर उन्हीं पर टिकेंगी.

W88 Sports News