
पाकिस्तान ने घोषित की महिला विश्व कप टीम, फातिमा सना संभालेंगी कमान
पाकिस्तान ने महिला वर्ल्ड कप 2025 के लिए फातिमा सना की कप्तानी में 15 सदस्यीय टीम घोषित की है। कई नए चेहरों को मौका मिला है। टीम भारत के खिलाफ 5 अक्टूबर को बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेलेगी।
आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 का आगाज़ 30 सितंबर से होने जा रहा है और फाइनल मुकाबला 2 नवंबर को खेला जाएगा. इस बार टूर्नामेंट में पाकिस्तान की टीम भी जोरदार अंदाज में उतरने वाली है.
क्वालिफायर में नंबर वन रहकर बनाई जगह
पाकिस्तान ने विश्व कप क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया था. टीम ने वेस्टइंडीज और बांग्लादेश जैसी मजबूत टीमों को हराकर सीधे वर्ल्ड कप में एंट्री पाई थी. बांग्लादेश भी दूसरे स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट में पहुंचा, जबकि वेस्टइंडीज को बाहर होना पड़ा.
नई कप्तान और नए चेहरे
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है, जिसकी कप्तानी तेज गेंदबाज फातिमा सना को सौंपी गई है. उनके साथ उप-कप्तान की जिम्मेदारी मुनीबा अली सिद्दीकी निभाएंगी. खास बात यह है कि कई युवा और नए चेहरे भी टीम का हिस्सा बने हैं. अनकैप्ड बल्लेबाज इमान फातिमा पहली बार विश्व कप खेलेंगी. हाल ही में उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था.
पहली बार विश्व कप खेलने वाले खिलाड़ी
इमान फातिमा के अलावा नतालिया परवेज, रमीन शमीम, सदफ शमास, सादिया इकबाल, शवाल जुल्फिकार और सैयदा अरूब शाह भी पहली बार विश्व कप के मंच पर उतरेंगी. वहीं रिजर्व खिलाड़ियों में गुल फिरोजा, नजीहा अल्वी, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी और वहीदा अख्तर को शामिल किया गया है.
वर्ल्ड कप से पहले होगी साउथ अफ्रीका से भिड़ंत
विश्व कप से पहले पाकिस्तान टीम अपनी तैयारियों को मजबूत करने के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी. यह सीरीज 16 से 22 सितंबर तक लाहौर में आयोजित होगी और इसमें वही खिलाड़ी खेलेंगे जो विश्व कप टीम का हिस्सा हैं.
भारत-पाक मुकाबले पर सबकी नज़र
पाकिस्तानी टीम अपने सभी मुकाबले कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेलेगी. सबसे बड़ा रोमांचक मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 5 अक्टूबर को होगा, जिसका फैन्स को बेसब्री से इंतजार है.
पाकिस्तान का विश्व कप शेड्यूल
2 अक्टूबर – बनाम बांग्लादेश
5 अक्टूबर – बनाम भारत
8 अक्टूबर – बनाम ऑस्ट्रेलिया
15 अक्टूबर – बनाम इंग्लैंड
18 अक्टूबर – बनाम न्यूजीलैंड
21 अक्टूबर – बनाम दक्षिण अफ्रीका
24 अक्टूबर – बनाम श्रीलंका
W88 Sports News




