क्रिकेट

पांड्या की दहाड़, बुमराह का रिकॉर्ड… अफ्रीका फिर ढेर, सूर्या भाऊ की रणनीति ने जीताया ऐसे पहला T20

पहले T20 में भारत ने साउथ अफ्रीका को 101 रन से हराया। हार्दिक पांड्या की 59 रन की तूफानी पारी, तिलक वर्मा का 1000 T20I रन रिकॉर्ड और जसप्रीत बुमराह का 100 विकेट इतिहास जीत की वजह बना।

कटक में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड चैंपियन वाली छवि एक बार फिर साबित कर दी. अफ्रीका टेस्ट जीत के जोश में उतरी थी, लेकिन सूर्या भाऊ की रणनीति और भारत के तीन शेर पांड्या, तिलक और बुमराह ने उन्हें पूरी तरह ढेर कर दिया. 175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ्रीका सिर्फ 74 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 101 रनों की धमाकेदार जीत दर्ज की. मैच की शुरुआत भारत के लिए बिल्कुल आसान नहीं थी. शुरुआती विकेट गिरते ही फैंस की उम्मीदें टूटने लगी थीं. लेकिन जैसे ही सूर्या ने पांड्या को उतारा, खेल का रंग बदल गया. बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में भारत ने ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा स्टेडियम भारत भारत के नारों से गूंज उठा.

पांड्या की दहाड़ ने बदला मैच

हार्दिक पांड्या की पारी इस मैच की असली कहानी रही. व्यक्तिगत विवाद से भरे कुछ घंटों के बाद पांड्या मैदान पर उस गुस्से को ऊर्जा में बदलकर आए. 78 पर 4 की मुश्किल स्थिति में जब टीम इंडिया लड़खड़ा रही थी, पांड्या ने आते ही मैच एकतरफा कर दिया. 28 गेंदों में नाबाद 59 रन, चौकों—छक्कों की बरसात और स्ट्राइक रेट 210 से ऊपर. उनकी पारी ने न सिर्फ भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि टी20 इंटरनेशनल में उनके 100 छक्के भी पूरे कर दिए. रोहित शर्मा, सूर्या और विराट के बाद अब पांड्या ने भी इस खास क्लब में जगह बना ली. इस पारी ने दिखा दिया कि जब पांड्या दहाड़ते हैं, तो मैच का पूरा चेहरा बदल जाता है.

तिलक का रिकॉर्ड, अफ्रीका की मुश्किलें बढ़ाईं
दूसरे छोर पर तिलक वर्मा ने शांत लेकिन बेहद कीमती पारी खेली. उन्होंने शुरुआती दवाब में भी संयम दिखाया और 25 साल की उम्र से पहले टी20 इंटरनेशनल में 1000 रन पूरे कर एक नया भारतीय रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले न सचिन, न कोहली और न रोहित यह उपलब्धि हासिल कर पाए थे. उनकी यह उपलब्धि भारत को 175 रन तक ले जाने में मददगार साबित हुई. इसके बाद गेंदबाजों ने कमाल दिखाया. अर्शदीप ने ओपनिंग में झटका दिया, फिर अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने अफ्रीका की बल्लेबाजी को भीतर तक हिला दिया. 10 ओवर के अंदर ही अफ्रीका की रीढ़ टूट चुकी थी.

बुमराह की धार, अफ्रीका की बल्लेबाजी ध्वस्त

जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में वो किया जिसकी उम्मीद सिर्फ एक दुनिया के श्रेष्ठ गेंदबाज से की जा सकती है. अपने पहले ही विकेट के साथ उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट पूरे कर लिए और भारत के लिए ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने. लेकिन जो बात उन्हें महान बनाती है, वह यह कि अब वह टेस्ट, वनडे और टी20—तीनों फॉर्मेट में 100+ विकेट लेने वाले भारत के पहले गेंदबाज बन गए हैं. मलिंगा, साउदी और शाकिब जैसे दिग्गजों के क्लब में अब बुमराह का नाम शामिल है. उनकी धार, पांड्या की दहाड़ और तिलक के रिकॉर्ड ने मिलकर अफ्रीका को 74 पर समेट दिया और भारत को 101 रनों की ऐतिहासिक जीत दिलाई.

W88 Sports News