
IPL 2026 की नीलामी शुरू होने से पहले बड़ा खुलासा, सेट-1 के 6 खिलाड़ियों पर लगेगी पहली बोली… कौन बनेगा करोड़ों का बादशाह?
IPL 2026 मिनी ऑक्शन में सबसे पहले सेट-1 के छह खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। डेवोन कॉनवे, जेक फ्रेजर-मैक्गर्क, कैमरन ग्रीन, सरफराज खान, डेविड मिलर और पृथ्वी शॉ पहली बड़ी जंग के केंद्र में होंगे।
16 दिसंबर को अबू धाबी का एतिहाद एरीना IPL 2026 की नीलामी का गवाह बनेगा, जहां सबसे पहले सेट-1 के छह खिलाड़ी बिडिंग टेबल पर आएंगे। सबसे पहला नाम न्यूजीलैंड के डेवन कॉनवे का है, जिन्हें CSK ने रिलीज कर दिया था। कॉनवे का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है, लेकिन पिछले सीजन की खराब फॉर्म की वजह से यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीमें उन पर कोई दांव लगाती हैं या वे अनसोल्ड रह जाते हैं।
मैक्गर्क और कैमरन ग्रीन
सेट-1 का दूसरा नाम ऑस्ट्रेलिया के 22 वर्षीय ओपनर जेक फ्रेजर-मैक्गर्क का है, जिनका बेस प्राइस भी 2 करोड़ है। IPL में 15 मैच खेल चुके यह युवा अपनी स्ट्राइक रेट से टीमों को आकर्षित कर सकता है। तीसरे नंबर पर आते हैं कैमरन ग्रीन, जो इस बार सिर्फ बल्लेबाज के रूप में नीलामी में उतर रहे हैं। 17.50 करोड़ में बिक चुके ग्रीन इस बार 2 करोड़ बेस प्राइस के साथ आए हैं और मुमकिन है कि वे इस नीलामी के भी सबसे महंगे खिलाड़ी बनें।
सरफराज खान और डेविड मिलर
चौथे नंबर पर भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान हैं, जो पिछले मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। इस बार उनका बेस प्राइस 75 लाख रुपये है और घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म देखकर कई टीमें उन्हें बैकअप बल्लेबाज के रूप में खरीद सकती हैं। पांचवें नंबर पर हैं साउथ अफ्रीका के अनुभवी डेविड मिलर, जिन्हें LSG ने रिलीज किया था। 2 करोड़ के बेस प्राइस वाले मिलर भले ही महंगे न बिकें, लेकिन एक टीम उन्हें फिनिशर की भूमिका के लिए जरूर खरीद सकती है।
बड़ी वापसी के इंतजार में बड़ा खिलाड़ी
सेट-1 के छठे और आखिरी खिलाड़ी भारत के ओपनर पृथ्वी शॉ हैं। मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद इस बार उनका बेस प्राइस 75 लाख है। घरेलू क्रिकेट में रन बनाकर पृथ्वी ने अपनी दावेदारी मजबूत की है और माना जा रहा है कि इस बार वे खरीददारों की पहली पसंद बन सकते हैं। टीमों के लिए शॉ एक हाई-रिस्क हाई-रिवार्ड खिलाड़ी हैं, इसलिए बोली काफी रोमांचक हो सकती है। इन 6 खिलाड़ियों में से किसी का भी नाम सबसे पहले बुलाया जा सकता है, लेकिन IPL 2026 का ऑक्शन इन छह पर बोली लगने के बाद ही आगे बढ़ेगा। यानी ऑक्शन की असली शुरुआत इन्हीं से होगी। कौन बनेगा महंगी खरीद और कौन रह जाएगा अनसोल्ड 16 दिसंबर को सबका जवाब मिल जाएगा!
W88 Sports News




