क्रिकेट

भारत से मैच न खेलने पर पाकिस्तान घिरा, गावस्कर और मदन लाल बोले नुकसान खुद का ही होगा आईसीसी से सख्त एक्शन की मांग

भारत के खिलाफ मैच न खेलने के पाकिस्तान के फैसले पर दिग्गज भड़के हैं। सुनील गावस्कर और मदन लाल ने इसे पाकिस्तान क्रिकेट के लिए नुकसानदायक बताया और आईसीसी से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच खेलने से पाकिस्तान के इनकार के बाद भारतीय खेल जगत में नाराजगी साफ नजर आ रही है। 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मैच माना जा रहा था। लेकिन पाकिस्तान सरकार के फैसले के बाद अब यह मुकाबला खतरे में है। इस फैसले को लेकर भारत के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने खुलकर पाकिस्तान की आलोचना की है और इसे क्रिकेट के लिए नुकसानदायक बताया है।

पाकिस्तान सरकार के फैसले से बढ़ा विवाद

पाकिस्तान लंबे समय से टी20 विश्व कप में खेलने को लेकर अलग-अलग बयान देता रहा। कभी खेलने पर सवाल, तो कभी शर्तें। आखिरकार रविवार को पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मैच नहीं खेलेगी। इस ऐलान के बाद क्रिकेट जगत में हलचल मच गई। भारत-पाकिस्तान मैच न होने से सिर्फ खेल नहीं, बल्कि कमाई और दर्शकों का रोमांच भी प्रभावित होगा।

सुनील गावस्कर बोले आईसीसी को करना चाहिए दखल

भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने इस मुद्दे पर आईसीसी से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने एक टीवी चैनल पर कहा कि टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले नाम वापस लेना बड़ी समस्या है। अगर पहले ही मना किया जाता तो बात अलग होती। गावस्कर ने कहा कि ऐसे मामलों में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल को हस्तक्षेप करना चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी टीम ऐसा करने की हिम्मत न करे। उनका मानना है कि अगर अब एक्शन नहीं लिया गया, तो आगे भी ऐसे हालात बन सकते हैं।

मदन लाल ने कहा पाकिस्तान को ही होगा नुकसान

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल ने भी पाकिस्तान के फैसले को गलत बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपने ही क्रिकेट को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे उनकी समस्याएं हल नहीं होंगी। मदन लाल का कहना है कि बड़े क्रिकेट देश जैसे न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को दर्शक और स्पॉन्सर मिलते रहेंगे, लेकिन पाकिस्तान खुद को अलग-थलग कर लेगा। उन्होंने साफ कहा कि अंत में इस फैसले का सबसे बड़ा नुकसान पाकिस्तान क्रिकेट को ही भुगतना पड़ेगा।

W88 Sports News