क्रिकेट

इंग्लैंड में इतिहास रच गई भारतीय महिला टीम, दीप्ति शर्मा बनीं WT20I की विकेट क्वीन

भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड में पहली बार T20I सीरीज जीतकर इतिहास रचा। दीप्ति शर्मा बनीं WT20I की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज। 3-1 की अजेय बढ़त के बाद टीम अब सीरीज क्लीन स्वीप की ओर देख रही है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड में इतिहास रचते हुए 5 मैचों की WT20I सीरीज को 3-1 की अजेय बढ़त के साथ अपने नाम कर लिया है. चौथे मुकाबले में टीम इंडिया ने मेजबान इंग्लैंड को 6 विकेट से हराया. यह 2006 के बाद पहली बार है जब भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड में T20I सीरीज जीती है. इससे पहले भारत ने एजबेस्टन टेस्ट में भी 58 साल बाद जीत का सूखा खत्म किया था.

दीप्ति शर्मा का गेंद से जलवा, पाकिस्तानी दिग्गज को पछाड़ा
इस सीरीज में ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन शानदार रहा. उन्होंने अब तक कुल 7 विकेट लिए हैं और एक नया मुकाम हासिल कर लिया है. दीप्ति अब WT20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं. उनके नाम 128 मैचों में 145 विकेट हो चुके हैं, जिससे उन्होंने पाकिस्तान की निदा डार (144 विकेट) को पीछे छोड़ दिया है. ऑस्ट्रेलिया की मेगन शुट्ट (151 विकेट) अब इस लिस्ट में उनसे आगे हैं.

इंग्लैंड की बल्लेबाजी फेल, भारत की बॉलिंग का कमाल
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 126 रन बनाए. इंग्लैंड की शुरुआत धीमी रही और डैनी व्याट (5 रन) जल्दी आउट हो गईं. दीप्ति शर्मा ने डंकली को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई. एलिस कैप्सी (18) और कप्तान टैमसिन ब्यूमॉन्ट (20) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने नहीं दिया. एन. चारिणी और राधा यादव ने दो-दो विकेट लिए, जबकि दीप्ति और अमनजोत कौर को एक-एक सफलता मिली.

स्मृति और शेफाली की धमाकेदार शुरुआत से भारत की जीत आसान
127 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने तेज शुरुआत की. शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े. शेफाली ने 19 गेंदों में 31 रन बनाए जबकि मंधाना ने 32 रन की अहम पारी खेली. मिडल ऑर्डर में जेमिमा रोड्रिग्स (24*) और हरमनप्रीत कौर (26) ने संयमित बल्लेबाजी की. ऋचा घोष (7*) के साथ मिलकर जेमिमा ने 17वें ओवर में टीम को जीत दिला दी.

सीरीज का आखिरी मुकाबला 12 जुलाई को बर्मिंघम में
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब सीरीज का अंतिम T20 मुकाबला 12 जुलाई को बर्मिंघम में खेला जाएगा. भले ही सीरीज पहले ही भारत के पक्ष में जा चुकी है, लेकिन भारतीय टीम क्लीन स्वीप की कोशिश जरूर करेगी. वहीं, दीप्ति शर्मा की नजरें अब इतिहास रचने और मेगन शुट्ट को पीछे छोड़ने पर होंगी.