
अनाया बनीं अपनी पहचान की मिसाल: डॉक्यूमेंट्री से उठेगा ट्रांजिशन का परदा
अनाया बांगर ने अपनी ट्रांजिशन यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का ऐलान किया है। पूर्व क्रिकेटर से ट्रांस वुमन बनने तक का यह सफर प्रेरणादायक है, जिसमें आत्म-स्वीकृति, संघर्ष और हिम्मत की अनकही कहानी सामने लाई जाएगी।
टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज़ और कोच संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर एक बार फिर चर्चा में हैं. इंस्टाग्राम पर उनके द्वारा साझा किया गया एक पोस्ट जिसमें उन्होंने पूछा – “तैयार हो?” दरअसल, यह उनके जीवन की सबसे अहम डॉक्यूमेंट्री के ऐलान से जुड़ा है, जिसमें वह अपनी पहचान की तलाश, संघर्ष और सफलता की कहानी दुनिया के सामने लाने जा रही हैं.
क्रिकेटर से क्रिएटर: आर्यन से अनाया तक का सफर
पहले आर्यन बांगर के नाम से जाने जाने वाले अनाया, एक होनहार क्रिकेटर थीं. उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ अंडर-16 मुंबई टीम में खेला और इंग्लैंड के लंकाशर क्लब में भी अपनी पहचान बनाई. लेकिन अंदर ही कहीं एक और पहचान थी, जिसे अब वो दुनिया के सामने पूरी सच्चाई और गर्व के साथ रख रही हैं.
बॉडी ट्रांजिशन: आत्मा से मेल खाती पहचान की दिशा में बड़ा कदम
अनाया ने ब्रेस्ट ऑग्मेंटेशन और ट्रेकियल शेव जैसी महत्वपूर्ण सर्जरी करवाईं, जो उनके जेंडर ट्रांजिशन का अहम हिस्सा रहीं. ट्रेकियल शेव सर्जरी से गले की उभरी हड्डी को कम किया गया, जबकि ब्रेस्ट ऑग्मेंटेशन ने उनके शरीर को नई पहचान दी. इन बदलावों ने उन्हें खुद से मिलने में मदद की.
डॉक्यूमेंट्री में अनकही बातें, अनजाने जज़्बात
अनाया की ये डॉक्यूमेंट्री उनके यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ होने जा रही है. इसमें न केवल उनकी सर्जरी की प्रक्रिया और मानसिक हालात दिखाए जाएंगे, बल्कि यह भी बताया जाएगा कि उन्होंने कैसे समाज की रूढ़ियों को तोड़ा. उन्होंने डॉक्टर्स और टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि वह खुश थीं, लेकिन साथ ही थोड़ी नर्वस भी.
पहचान की इस जंग में अब पूरी दुनिया होगी गवाह
अनाया बांगर की कहानी सिर्फ एक ट्रांसजेंडर की कहानी नहीं है, यह एक इंसान के खुद को पाने की जद्दोजहद और हिम्मत की दास्तान है. उनकी डॉक्यूमेंट्री लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन सकती है—खासकर उन लोगों के लिए, जो अब भी अपनी असली पहचान को स्वीकार करने से डरते हैं.




