
विदाई का साल बना 2025, रोहित-विराट से लेकर दिग्गजों ने कहा अलविदा, क्रिकेट की तस्वीर बदली
2025 में भारतीय क्रिकेट ने कप्तानी बदलाव, ICC चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप जीत का जश्न मनाया। टेस्ट में उतार-चढ़ाव रहे, लेकिन वनडे और टी20 में भारत ने खुद को फिर दुनिया की सबसे मजबूत टीम साबित किया।
साल 2025 क्रिकेट इतिहास में विदाई के साल के तौर पर याद किया जाएगा। इस साल कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अपने करियर पर विराम लगाने का फैसला किया। कुछ खिलाड़ियों ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों को अलविदा कहा, तो कुछ ने किसी एक फॉर्मेट से दूरी बना ली। भारतीय क्रिकेट के लिए सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का एलान किया। दोनों अब केवल वनडे क्रिकेट में ही भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
रोहित शर्मा ने छोड़ा टेस्ट क्रिकेट
रोहित शर्मा ने 7 मई 2025 को अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का एलान कर फैंस को चौंका दिया। रोहित भारत के सफल टेस्ट बल्लेबाजों में शामिल रहे। उन्होंने 67 टेस्ट मैचों में 4301 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 40.57 रहा। रोहित 2022 में टेस्ट टीम के नियमित कप्तान बने थे। उनकी कप्तानी में भारत ने 24 टेस्ट खेले, जिनमें 12 में जीत, 9 में हार और 3 मुकाबले ड्रॉ रहे। हालांकि 2024-25 सीजन में खराब फॉर्म उनके फैसले की बड़ी वजह बनी।
एक हफ्ते बाद कोहली का संन्यास
रोहित के बाद 12 मई 2025 को विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। एक हफ्ते के अंदर दो दिग्गजों के फैसले से क्रिकेट फैंस भावुक हो गए। विराट कोहली ने 123 टेस्ट मैचों की 210 पारियों में 9230 रन बनाए। उनके नाम 30 शतक और 31 अर्धशतक दर्ज हैं। टेस्ट क्रिकेट में कोहली की आक्रामक कप्तानी और फिटनेस संस्कृति को हमेशा याद किया जाएगा। उनके संन्यास के साथ ही भारतीय टेस्ट क्रिकेट के एक युग का अंत हो गया।
दुनियाभर में संन्यास की लहर
2025 में सिर्फ भारतीय नहीं, बल्कि कई अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों ने भी क्रिकेट को अलविदा कहा। वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल और निकोलस पूरन, दक्षिण अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन, न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल, बांग्लादेश के तमीम इकबाल और महमूदुल्लाह, भारत के पीयूष चावला, ऋद्धिमान साहा और चेतेश्वर पुजारा ने सभी प्रारूपों से संन्यास लिया। वहीं स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस और एम रहीम ने वनडे क्रिकेट छोड़ा। इन विदाइयों ने 2025 को बदलाव और नई शुरुआत का साल बना दिया।
W88 Sports News




