
जो रूट ने रचा इतिहास: लारा और कोहली को पीछे छोड़ बने नंबर 4 के बादशाह
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज़ जो रूट ने एक और शानदार उपलब्धि अपने नाम कर ली है. भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में 40 रनों की अहम पारी खेलते हुए रूट ने टेस्ट क्रिकेट में चौथे नंबर पर बल्लेबाज़ी करते हुए 8000 रन पूरे कर लिए. यह एक ऐसा कारनामा है जो न ब्रायन लारा कर पाए और न ही विराट कोहली.
लारा-कोहली भी रह गए पीछे
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में चौथे नंबर पर बल्लेबाज़ी करना सबसे चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी मानी जाती है. इस नंबर पर लंबे समय तक रन बनाना आसान नहीं होता. लारा और कोहली दोनों ने इस क्रम पर शानदार पारियां खेलीं, लेकिन 8000 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सके. लारा ने 91 मैचों में 7,535 रन बनाए जबकि कोहली ने 99 मैचों में 7,564 रन बनाए हैं.
अब खास क्लब में शामिल हुए रूट
जो रूट अब चौथे नंबर पर 8000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के सिर्फ चौथे बल्लेबाज़ बन गए हैं. उनसे पहले ये उपलब्धि सिर्फ तीन दिग्गजों के नाम रही है—भारत के सचिन तेंदुलकर, श्रीलंका के महेला जयवर्धने और दक्षिण अफ्रीका के जैक कैलिस. इस लिस्ट में शामिल होना अपने आप में किसी खिलाड़ी के महानता की गवाही है.
टॉप 6 में रूट की मजबूती
नंबर 4 पर सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में रूट अब चौथे स्थान पर हैं. आंकड़ों पर नज़र डालें तो सचिन तेंदुलकर 13,492 रनों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि जयवर्धने और कैलिस क्रमशः 9,509 और 9,033 रनों के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं. रूट के खाते में अब 8,030 रन हैं और जिस फॉर्म में वो हैं, जल्द ही वो टॉप-3 में जगह बना सकते हैं.
नंबर 4 का नया किंग
जो रूट की यह उपलब्धि सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दर्शाती है कि उन्होंने समय की कसौटी पर खुद को साबित किया है. चौथे नंबर पर लंबे समय तक निरंतर प्रदर्शन करना उन्हें आज के दौर का नंबर 4 का ‘किंग’ बनाता है.




