क्रिकेट

8 गेंदों का तूफान – फिनलैंड के महेश तांबे ने टी20I में रचा वर्ल्ड रिकॉर्ड

फिनलैंड के महेश तांबे ने टी20I में एस्टोनिया के खिलाफ सिर्फ आठ गेंदों में पांच विकेट लेकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. उनकी घातक गेंदबाज़ी ने मैच का रुख पलट दिया और फिनलैंड ने तीन मैचों की सीरीज़ 2-1 से जीत ली.

फिनलैंड के महेश तांबे ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा कारनामा कर दिखाया जो हर गेंदबाज का सपना होता है. उन्होंने एस्टोनिया के खिलाफ सिर्फ आठ गेंदों में पांच विकेट झटककर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले 2022 में बहरीन के जुनैद अजीज ने जर्मनी के खिलाफ 10 गेंद में 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया था, जिसे तांबे ने तोड़ दिया.

मैच का टर्निंग पॉइंट
रविवार को खेले गए तीसरे टी20 में फिनलैंड ने पहले गेंदबाजी करते हुए एस्टोनिया को 19.4 ओवर में 141 रन पर समेट दिया. एक समय एस्टोनिया का स्कोर 2 विकेट पर 104 रन था और वह बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा था, लेकिन तभी तांबे ने कहर बरपा दिया.

1.2 ओवर में मध्यक्रम का सफाया
महेश तांबे ने एस्टोनिया के मध्यक्रम को पूरी तरह हिला दिया. उन्होंने स्टेफन गूच, साहिल चौहान, मुहम्मद उस्मान, रुपम बरुआ और प्रणय गीवाला को पवेलियन भेजा. ये पांचों विकेट उन्होंने मात्र 1.2 ओवर यानी आठ गेंदों में हासिल किए. उनका बॉलिंग एनालिसिस रहा – 2 ओवर, 19 रन, 5 विकेट.

फिनलैंड की आसान जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए फिनलैंड ने 18.1 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली. टीम के लिए अरविंद मोहन ने 60 गेंदों में नाबाद 67 रन बनाए. उन्होंने फराज मेहती अब्बास (19) और जॉर्डन ओ’ब्रायन (18) के साथ अहम साझेदारियां कर जीत पक्की की. इस जीत के साथ फिनलैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली.

एस्टोनिया के नाम दो ‘स्पीड’ रिकॉर्ड
दिलचस्प बात यह है कि एस्टोनिया पिछले साल भी एक टी20I वर्ल्ड रिकॉर्ड का हिस्सा रहा था, जब साहिल चौहान ने साइप्रस के खिलाफ सिर्फ 27 गेंदों में शतक जड़ा था, जो सबसे तेज टी20I सेंचुरी है. अब उसके खिलाफ सबसे तेज 5 विकेट का रिकॉर्ड भी बन गया है. क्रिकेट की किताब में यह टीम एक बार फिर अनचाहे इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई.