क्रिकेट

T20 से विदाई, अब वनडे-टेस्ट में मचाएंगे तूफान! मिचेल स्टार्क के 5 रिकॉर्ड्स जिन्हें तोड़ना नामुमकिन

मिचेल स्टार्क ने टी20 इंटरनेशनल को अलविदा कह दिया है, लेकिन वनडे और टेस्ट में अब भी उनका जलवा कायम है। उनके पांच रिकॉर्ड्स ऐसे हैं जिन्हें तोड़ पाना किसी गेंदबाज के लिए आसान नहीं होगा।

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया. स्टार्क का यह फैसला भले ही उनके फैंस को चौंकाने वाला लगे, लेकिन असल वजह है उनका पूरा ध्यान टेस्ट क्रिकेट और 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर लगाना.

वनडे में सबसे तेज 200 विकेट का कारनामा
स्टार्क ने अपने करियर में कई ऐसे मुकाम छुए हैं, जिन तक पहुंचना किसी भी गेंदबाज के लिए आसान नहीं. उनका सबसे बड़ा रिकॉर्ड है वनडे में सबसे तेज 200 विकेट लेने का. उन्होंने यह कमाल सिर्फ 102 मैचों में करके दिखाया.

150 विकेट भी सबसे तेज, बनाया डबल रिकॉर्ड
इतना ही नहीं, मिचेल स्टार्क के नाम वनडे में सबसे तेज 150 विकेट का रिकॉर्ड भी है. उन्होंने महज 77 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी. ये दोनों रिकॉर्ड मिलकर उन्हें वनडे इतिहास का ‘स्पीडस्टार’ बना देते हैं.

टेस्ट में बल्ले से भी दमखम
गेंद से धमाल मचाने वाले स्टार्क बल्ले से भी योगदान देना जानते हैं. हालांकि शतक कभी नहीं आया, लेकिन वे टेस्ट क्रिकेट में बिना शतक के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में तीसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 2322 रन बनाए और 11 अर्धशतक ठोके.

हार में भी चमक उठी स्टार्क की गेंदबाजी
2015 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ स्टार्क ने 28 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे. भले ही मैच ऑस्ट्रेलिया हार गया, लेकिन यह प्रदर्शन उन्हें उन चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल करता है, जिन्होंने हार में भी यादगार बॉलिंग फिगर बनाए.

217 बल्लेबाज हुए बोल्ड, चौथे नंबर पर स्टार्क
स्टार्क की रफ्तार का सबसे बड़ा सबूत है कि उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 217 बल्लेबाजों को बोल्ड किया है. यह आंकड़ा उन्हें इस लिस्ट में चौथे नंबर पर खड़ा करता है और उनकी घातक गेंदबाजी की ताकत बयान करता है.

W88 Sports News