क्रिकेट

शमी की मुश्किलें बढ़ीं! सुप्रीम कोर्ट ने भेजा नोटिस, हसीन जहां ने गुजारा भत्ता बढ़ाने की रखी बड़ी मांग

मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने सुप्रीम कोर्ट में गुजारा भत्ता बढ़ाने की मांग की है. कोर्ट ने शमी और पश्चिम बंगाल सरकार को नोटिस जारी कर चार हफ्तों में जवाब देने का निर्देश दिया है.

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और पश्चिम बंगाल सरकार को सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी किया है. यह नोटिस शमी की पत्नी हसीन जहां की उस याचिका पर जारी हुआ है, जिसमें उन्होंने अपने और बेटी के लिए गुजारा भत्ता बढ़ाने की मांग की है.

हाईकोर्ट के आदेश को दी चुनौती
हसीन जहां ने कलकत्ता हाईकोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें उनके लिए हर महीने 1.5 लाख रुपये और बेटी के लिए 2.5 लाख रुपये का भरण-पोषण तय किया गया था. उनका कहना है कि शमी की आमदनी और लाइफस्टाइल के हिसाब से यह रकम बहुत कम है.

सुप्रीम कोर्ट का सवाल और नोटिस जारी
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने हसीन जहां से पूछा कि क्या 4 लाख रुपये की मासिक राशि पर्याप्त नहीं है. हालांकि, उन्होंने कोर्ट से कहा कि यह रकम नाकाफी है और उन्होंने 10 लाख रुपये मासिक गुजारा भत्ता देने की मांग की.

शमी और बंगाल सरकार को चार हफ्तों में जवाब का समय
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मोहम्मद शमी और पश्चिम बंगाल सरकार दोनों को नोटिस जारी कर चार हफ्तों के भीतर जवाब देने को कहा है. कोर्ट ने अगली सुनवाई की तारीख भी चार हफ्ते बाद तय की है.

अब शमी पर टिकी निगाहें
हसीन जहां और मोहम्मद शमी के बीच कानूनी विवाद पिछले कई सालों से चल रहा है. अब सुप्रीम कोर्ट के इस नोटिस के बाद सभी की निगाहें शमी के जवाब और अदालत के अगले फैसले पर टिकी हैं.

W88 Sports News