
KSCA T20 लीग 2025: पडिक्कल बने सबसे महंगे खिलाड़ी, समित द्रविड़ बाहर, फैंस हैरान
KSCA टी20 लीग 2025 की नीलामी में देवदत्त पडिक्कल सबसे महंगे खिलाड़ी बने, जबकि समित द्रविड़ को लीग से बाहर कर दिया गया, जिससे फैंस हैरान हैं। लीग 11 अगस्त से शुरू होगी और 6 टीमें भाग लेंगी।
महाराजा ट्रॉफी KSCA T20 लीग 2025 की नीलामी में उस वक्त सबको हैरानी हुई जब पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ का नाम फाइनल ऑक्शन लिस्ट में शामिल ही नहीं किया गया. पिछली बार मैसूर वॉरियर्स की ओर से खेलने वाले समित को 50 हजार रुपये में खरीदा गया था, लेकिन इस बार उन्हें मौका नहीं मिला. पहले रिपोर्ट्स थीं कि उन्हें कैटेगरी C (जूनियर राज्य खिलाड़ी) में रखा गया है, मगर आखिरी लिस्ट में उनका नाम न होने से साफ हो गया कि उन्हें इस बार लीग से बाहर कर दिया गया है. चोट के चलते समित हाल ही में अंडर-19 ऑस्ट्रेलिया दौरे से भी बाहर हो गए थे.
पडिक्कल पर लगी सबसे बड़ी बोली
भारत के युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल इस नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए. हुबली टाइगर्स ने उन्हें 13.20 लाख रुपये की ऊंची बोली लगाकर टीम में शामिल किया. पडिक्कल की शानदार फॉर्म आईपीएल में भी देखने को मिली है, और अब उनसे महाराजा ट्रॉफी में भी धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद है.
अनुभवी खिलाड़ियों की भी रही मांग
नीलामी में कई अनुभवी खिलाड़ियों को भी शानदार कीमत पर खरीदा गया. मनीष पांडे को मैसूर वॉरियर्स ने चुना जबकि अभिनव मनोहर को हुबली टाइगर्स ने 12.20 लाख में टीम में जोड़ा. इनके अनुभव से टीमों को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
गेंदबाजों की भी अच्छी बोली
विद्वथ कावेरप्पा को शिवमोगा लायंस ने 10.80 लाख, विद्याधर पाटिल को बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने 8.30 लाख और श्रेयस गोपाल को मेंगलुरु ड्रैगन्स ने 8.60 लाख रुपये में खरीदा. अनीश्वर गौतम को भी शिवमोगा लायंस ने 8.20 लाख में शामिल किया.
11 अगस्त से शुरू होगी लीग
लीग में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी—मैसूर वॉरियर्स, बेंगलुरु ब्लास्टर्स, गुलबर्गा मिस्टिक्स, हुबली टाइगर्स, मेंगलुरु ड्रैगन्स और शिवमोग्गा लायंस. टूर्नामेंट 11 से 27 अगस्त तक खेला जाएगा. सभी मुकाबले बिना दर्शकों के होंगे. हर टीम को अपने इलाके से दो खिलाड़ी चुनने की विशेष अनुमति भी दी गई है.




