क्रिकेट

SRH में बगावत की बयार: वरुण एरॉन बने बॉलिंग कोच, शमी-ईशान पर पुराने बयान ने पकड़ी आग

SRH ने वरुण एरॉन को नया गेंदबाज़ी कोच बनाया है। कोच बनने के बाद उनका शमी और ईशान किशन पर दिया पुराना बयान फिर चर्चा में है। अब IPL 2026 के लिए टीम नई रणनीति पर काम कर रही है।

IPL 2024 की फाइनलिस्ट रही सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) अब IPL 2026 की तैयारियों में जुट गई है. बीते सीजन की निराशाजनक गेंदबाज़ी प्रदर्शन के बाद टीम ने बड़ा कदम उठाते हुए जेम्स फ्रैंलिन को हटाकर भारत के पूर्व तेज गेंदबाज़ वरुण एरॉन को नया बॉलिंग कोच नियुक्त किया है. यह बदलाव टीम की गेंदबाज़ी इकाई को मजबूती देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है.

एक्सपर्ट से कोच बने एरॉन का पुराना बयान चर्चा में
वरुण एरॉन के कोच बनने के तुरंत बाद उनका IPL 2025 के दौरान दिया गया एक बयान फिर से चर्चा में आ गया है. उस समय ESPN क्रिकइन्फो पर बतौर एक्सपर्ट उन्होंने मोहम्मद शमी और ईशान किशन को लेकर बड़ा दावा किया था. उन्होंने कहा था, “मोहम्मद शमी को रिलीज कर दिया जाएगा क्योंकि वो करियर के अंतिम चरण में हैं और फिटनेस गिर रही है. ईशान किशन को भी रिलीज कर सस्ते में दोबारा खरीदने की कोशिश हो सकती है.”

शमी का संघर्ष, किशन की अस्थिरता बनी चिंता की वजह
मोहम्मद शमी को SRH ने 10 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद से काफी कमतर रहा. उन्होंने 9 मैचों में सिर्फ 6 विकेट लिए और फिटनेस भी चिंता का विषय बनी रही. हालांकि उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में शानदार वापसी करते हुए 9 विकेट झटके थे, लेकिन IPL में उनका प्रभाव कमजोर ही रहा.

ईशान किशन की कीमत भारी, पर प्रदर्शन हल्का
SRH ने ईशान किशन को मेगा ऑक्शन में 11.25 करोड़ रुपये की मोटी रकम देकर टीम में शामिल किया था. हालांकि 2025 के सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 354 रन बनाए जिसमें एक शतक और एक हाफ सेंचुरी शामिल रही. लेकिन उनका स्ट्राइक रेट और निरंतरता टीम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके.

बदलाव की आहट, रणनीति में दिखेगा एरॉन का असर?
वरुण एरॉन की नियुक्ति SRH के गेंदबाज़ी दृष्टिकोण में बदलाव का संकेत है. अब देखना दिलचस्प होगा कि वो टीम की मौजूदा कमजोरियों को कैसे सुधारते हैं और क्या शमी व ईशान जैसे खिलाड़ियों पर उनके पुराने विश्लेषण का असर चयन रणनीति में भी दिखेगा? IPL 2026 के लिए SRH एक बार फिर संतुलन साधने में जुट चुकी है.