क्रिकेट

भारत से मैच न खेलने का फैसला पाकिस्तान को पड़ेगा भारी, वर्ल्ड कप में बाहर होने से होगा इतने करोड़ का नुकसान !

भारत से मैच न खेलने के पाकिस्तान के फैसले से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उसका सफर खतरे में पड़ गया है। फॉरफिट से न सिर्फ ग्रुप स्टेज में बाहर होने का जोखिम बढ़ा है, बल्कि बोर्ड को सैकड़ों करोड़ का आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ सकता है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान ने ऐसा कदम उठा लिया है, जिससे पूरा टूर्नामेंट चर्चा में आ गया है। पाकिस्तान ने साफ कर दिया है कि वह टूर्नामेंट में खेलेगा, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला ग्रुप स्टेज मैच नहीं खेलेगा। यह फैसला सीधे पाकिस्तान सरकार की ओर से लिया गया है। इसका मतलब साफ है कि पाकिस्तान उस दिन मैदान पर नहीं उतरेगा और मैच को फॉरफिट माना जाएगा। इस फैसले से क्रिकेट फैंस हैरान हैं, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच माना जाता है।

ग्रुप स्टेज में ही बाहर होने का बढ़ा खतरा

15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला भारत-पाकिस्तान मैच अगर फॉरफिट होता है, तो भारत को सीधे 2 अंक मिल जाएंगे। वहीं पाकिस्तान को बिना खेले ही बड़ा झटका लगेगा। ग्रुप ए में सुपर 8 में पहुंचने के लिए हर मैच के अंक और नेट रन रेट बेहद अहम हैं। ऐसे में एक मैच गंवाने से पाकिस्तान का नेट रन रेट बिगड़ सकता है। अगर इसके बाद पाकिस्तान कोई एक मैच भी हार जाता है, तो उसका टूर्नामेंट से बाहर होना तय माना जा रहा है। यानी भारत से मैच न खेलने का फैसला पाकिस्तान को वर्ल्ड कप से जल्दी बाहर कर सकता है।

करोड़ों रुपए का सीधा नुकसान, बोर्ड की बढ़ेगी परेशानी

भारत-पाकिस्तान मैच क्रिकेट की सबसे बड़ी कमाई वाला मुकाबला होता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस एक मैच के न होने से करीब 320 करोड़ रुपए का नुकसान हो सकता है। इसमें ब्रॉडकास्टर और स्पॉन्सर की बड़ी रकम शामिल है। ऐसे में ब्रॉडकास्टर्स पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर कानूनी कार्रवाई भी कर सकते हैं। इसके अलावा आईसीसी की मीडिया राइट्स डील का बड़ा हिस्सा भारतीय बाजार से आता है, जिस पर भी असर पड़ सकता है। पाकिस्तान को मिलने वाला सालाना आईसीसी रेवेन्यू शेयर भी रोका या काटा जा सकता है, जो पहले से आर्थिक संकट से जूझ रहे बोर्ड के लिए बड़ा झटका होगा।

आगे और सख्त कार्रवाई की आशंका

पाकिस्तान के इस फैसले के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल सख्त कदम उठा सकती है। इसमें पाकिस्तान के खिलाफ बाइलेटरल सीरीज पर रोक, बड़े टूर्नामेंटों से दूरी या भविष्य में मेजबानी के मौके छिनना शामिल हो सकता है। इतना ही नहीं, पाकिस्तान सुपर लीग में विदेशी खिलाड़ियों के खेलने पर भी असर पड़ सकता है। कुल मिलाकर, भारत से मैच न खेलने का यह फैसला सिर्फ एक मुकाबले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में पाकिस्तान क्रिकेट को हर मोर्चे पर भारी नुकसान पहुंचा सकता है।

W88 Sports News