
वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान का बड़ा फैसला, भारत मैच से दूरी ICC सख्त, अब आगे क्या ?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने का बड़ा फैसला लिया है। ICC ने इसे खेल भावना के खिलाफ बताया और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट पर गंभीर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक 6 दिन पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ऐसा फैसला लिया है, जिससे टूर्नामेंट में हलचल मच गई है। करीब एक हफ्ते तक वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर असमंजस में रहने के बाद पीसीबी ने साफ कर दिया कि पाकिस्तान टूर्नामेंट में तो खेलेगा, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला मैच नहीं खेलेगा। पीसीबी ने इसके पीछे पाकिस्तान सरकार के आदेश का हवाला दिया है। इस ऐलान के बाद पूरे टूर्नामेंट की तैयारियों पर असर पड़ा है और बाकी क्रिकेट देशों में भी चर्चा तेज हो गई है।
ICC नाराज़, दी कड़े नतीजों की चेतावनी
पीसीबी के आधिकारिक ऐलान के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने कड़ा रुख अपनाया है। आईसीसी ने बयान जारी कर कहा कि किसी एक मैच का बहिष्कार खेल की निष्पक्षता और एकता के खिलाफ है। आईसीसी ने माना कि सरकारों की अपनी नीतियां होती हैं, लेकिन इस तरह का फैसला क्रिकेट के लिए नुकसानदायक है। काउंसिल ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर पीसीबी अपने फैसले पर कायम रहती है, तो इसके गंभीर और लंबे समय तक असर पड़ सकते हैं, जिसका नुकसान पाकिस्तान क्रिकेट और उसके समर्थकों को भी झेलना पड़ सकता है।
ICC की अपील, समाधान निकालने पर जोर
आईसीसी ने पीसीबी से अपील की है कि वह अपने फैसले पर दोबारा सोच करे और सभी पक्षों को साथ लेकर कोई बीच का रास्ता निकाले। आईसीसी का कहना है कि उसका मकसद टूर्नामेंट को सफल बनाना है और इसके लिए हर सदस्य की जिम्मेदारी बनती है। पीसीबी भी इस जिम्मेदारी से अलग नहीं है। काउंसिल चाहती है कि आपसी सहमति से ऐसा हल निकले, जिससे टूर्नामेंट की गरिमा बनी रहे और दर्शकों को पूरा रोमांच मिल सके।
PCB पर क्या कार्रवाई हो सकती है
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आईसीसी पीसीबी के खिलाफ क्या कदम उठा सकती है। खबरों के मुताबिक, यह फैसला पहले से तय समझौते का उल्लंघन माना जा रहा है। ऐसे में आईसीसी के पास कई विकल्प हैं। पाकिस्तान को पूरे टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है। पाकिस्तान को मिलने वाली सालाना कमाई रोकी जा सकती है। भारत-पाकिस्तान मैच न होने से होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई पीसीबी से कराई जा सकती है। दूसरे देश पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज से दूरी बना सकते हैं। इसके अलावा पाकिस्तान सुपर लीग में विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर भी रोक लग सकती है। कुल मिलाकर, पीसीबी का यह फैसला पाकिस्तान क्रिकेट के लिए भारी पड़ सकता है।
W88 Sports News




