
पाकिस्तान से ना खेलने पर भड़के सलमान बट, बोले- फिर वर्ल्ड कप और ओलंपिक में भी मत खेलो
WCL में भारत के पाकिस्तान से न खेलने पर सलमान बट भड़क गए. उन्होंने कहा कि फिर भारत को वर्ल्ड कप और ओलंपिक में भी पाकिस्तान से नहीं खेलना चाहिए. उन्होंने इसे क्रिकेट की भावना के खिलाफ बताया.
वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लेजेंड्स (WCL) में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला रविवार, 20 जुलाई को खेला जाना था. लेकिन भारतीय टीम के कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों — शिखर धवन, सुरेश रैना, इरफान पठान, यूसुफ पठान और हरभजन सिंह — ने पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरने से इनकार कर दिया. इस फैसले के पीछे हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले को कारण बताया जा रहा है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया.
सलमान बट का तीखा हमला
भारत के इस कदम पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सलमान बट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “अगर भारत WCL में हमारे खिलाफ नहीं खेलना चाहता, तो तय कर ले कि वो वर्ल्ड कप, आईसीसी टूर्नामेंट्स और ओलंपिक जैसे बड़े इवेंट्स में भी पाकिस्तान से नहीं खेलेगा.” सलमान के अनुसार, इस तरह के फैसलों से क्रिकेट के साथ-साथ फैंस को भी गलत संदेश जाता है.
“अब हर टूर्नामेंट में ना खेलो” – सलमान की नाराजगी
बट ने नाराजगी जताते हुए कहा, “भारत आखिर दिखाना क्या चाहता है? अब तो ये वादा कर लो कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलोगे.” उन्होंने कहा कि दुनिया भर में लोग इस मुद्दे पर बात कर रहे हैं और यह क्रिकेट की भावना के खिलाफ है.
राजनीति बनाम खेल: बहस जारी
भारतीय खिलाड़ियों ने जिस तरह से देश की सुरक्षा और भावनाओं को प्राथमिकता दी, उसे कई लोग समर्थन भी दे रहे हैं. वहीं, पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी इसे खेल में राजनीति घुसाने के रूप में देख रहे हैं. युवराज सिंह और शाहिद अफरीदी की कप्तानी में होने वाला यह हाई-प्रोफाइल मुकाबला रद्द होने से टूर्नामेंट को भी बड़ा झटका लगा है.




