ओलंपिक

ओलंपिक, पैरालिंपिक और एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाले बनेंगे ‘करोड़पति’

देश में सरकार बजट से लेकर तमाम योजनाओं से भी खेलों को बढ़ावा देने की कोशिश करती है। अब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को एक बड़ा फैसला किया है। उन्होंने कैबिनेट में बैठक बाद तय किया कि ओलंपिक और पैरालिंपिक में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को करोड़ों की राशि दी जाएगी। साथ ही मेधावी छात्रों को लैपटॉप बांटा जाएगा।

ओलंपिक और पैरालिंपिक में जीत के बाद मिलेगी कितनी राशि

ओलंपिक और पैरालिंपिक में मेडल जीतने के बाद खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा ऐलान किया है। दिल्ली सचिवालय में मंगलवार को कैबिनेट बैठक हुई। इस बैठक में शिक्षा और खेल समेत कई क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई गई। दिल्ली सरकार ने कैबिनेट में फैसला लिया है कि ओलंपिक गोल्ड जीतने पर खिलाड़ियों को 7 करोड़, सिल्वर जीतने पर 5 करोड़ और ब्रॉन्ज पर 3 करोड़ मिलेंगे। इसके अलावा, मेधावी छात्रों को सरकार की तरफ से लैपटॉप दिया जाएगा।

दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने कहा कि “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें दिल्ली के लोगों, युवाओं, स्कूली शिक्षा और विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण फैसला शिक्षा विभाग में लिया गया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार ने फैसला लिया है कि ओलंपिक और पैरालिंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए 7 करोड़, सिल्वर जीतने पर 5 करोड़ और ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर 3 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।”

एशियन गेम्स में मेडल जीतने वालों के लिए हुआ ये ऐलान

ओलंपिक और पैरालिंपिक के साथ ही एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को तीन करोड़ दिए जाएंगे। दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने कहा कि “एशियन गेम्स और पैरा एशियन गेम्स की इनामी राशि को ढाई करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़, सिल्वर मेडल के लिए डेढ़ करोड़ से 2 करोड़ और ब्रॉन्ज के लिए एक करोड़ दिए जाएंगे। साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स की इनामी राशि को दो करोड़, डेढ़ करोड़ और एक करोड़ रुपए किया गया है। नेशनल गेम्स के लिए 11 लाख रुपए हर मेडल विजेता को दिए जाएंगे।”