
श्रेयस अय्यर को नहीं मिली टीम इंडिया में जगह, एशिया कप 2025 का स्क्वाड घोषित
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया घोषित हुई, लेकिन शानदार फॉर्म में होने के बावजूद श्रेयस अय्यर को बाहर कर दिया गया। फैंस ने चयन पर सवाल उठाए हैं। अय्यर के प्रदर्शन को देखते हुए वापसी की उम्मीदें बरकरार हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। इस बार टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी, जबकि शुभमन गिल को उप-कप्तान बनाया गया है। कुल 15 खिलाड़ियों का चयन किया गया है और पांच खिलाड़ियों को स्टैंडबाई में रखा गया है। लेकिन, सबसे बड़ी चर्चा का विषय बना हुआ है श्रेयस अय्यर का नाम। दमदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम से बाहर रखा गया है।
श्रेयस अय्यर को क्यों किया गया नज़रअंदाज?
श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया के भरोसेमंद मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों में से एक माने जाते हैं। टीम इंडिया के लिए अय्यर ने अब तक 51 टी20 मुकाबले खेले हैं और 1104 रन बनाए हैं। उनका औसत 30.66 और स्ट्राइक रेट 136.12 का रहा है। इसके अलावा उन्होंने आठ अर्धशतक भी लगाए हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में अय्यर ने पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए शानदार खेल दिखाया था। उनकी कप्तानी में टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया। अय्यर ने 17 मैचों में 604 रन बनाए थे। उनका औसत 50.33 और स्ट्राइक रेट 175.07 रहा। इस दौरान उन्होंने छह अर्धशतक लगाए और नाबाद 97 रन की पारी उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
इतना शानदार प्रदर्शन करने के बाद भी जब अय्यर का नाम टीम इंडिया में नहीं आया तो फैंस ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई। कई लोगों ने इसे ‘सेलेक्शन पॉलिटिक्स’ करार दिया।
“श्रेयस अय्यर टीम में जगह बनाने से चूक गए”
भारतीय टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस फैसले पर सफाई दी। उन्होंने कहा, कि “यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि श्रेयस अय्यर टीम में जगह बनाने से चूक गए हैं। इसमें उनकी या हमारी कोई गलती नहीं है। उन्हें अपने मौके का इंतजार करना होगा।”
हालांकि, इस बयान से फैंस संतुष्ट नहीं दिख रहे और लगातार सोशल मीडिया पर बीसीसीआई को ट्रोल कर रहे हैं।
एशिया कप 2025 के लिए भारत का स्क्वाड
मुख्य टीम (15 खिलाड़ी):
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा, रिंकू सिंह।
स्टैंडबाई खिलाड़ी:
रियान पराग, ध्रुव जुरैल, यशस्वी जायसवाल, प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर।
फैंस की उम्मीदें और अय्यर का भविष्य
भले ही श्रेयस अय्यर को इस बार टीम में जगह नहीं मिली, लेकिन उनका हालिया रिकॉर्ड बताता है कि वह किसी भी समय वापसी कर सकते हैं। अय्यर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में आखिरी टी20 दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उस मैच में उन्होंने 37 गेंदों पर 53 रन की शानदार पारी खेली थी।
फैंस की मानें तो अय्यर जल्द ही टीम इंडिया में वापसी करेंगे। अगर उनका फॉर्म ऐसा ही बना रहा तो चयनकर्ता उन्हें नजरअंदाज नहीं कर पाएंगे।
W88 Sports News




