क्रिकेट

वेस्टइंडीज को रौंदकर गिल ने हासिल किया बड़ा मुकाम, एक नहीं 4 बड़े रिकॉर्ड्स पर लिखाया अपना नाम, पढ़ें

शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर टेस्ट सीरीज 2-0 से जीती और 4 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। कुलदीप को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और जडेजा को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।

टीम इंडिया ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली. इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ एक और क्लीन स्वीप किया, बल्कि चार बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर इतिहास रच दिया. कप्तान शुभमन गिल की ये पहली टेस्ट सीरीज जीत रही, जिसने उनके करियर में एक नया मुकाम जोड़ दिया. वहीं, कुलदीप यादव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और रवींद्र जडेजा को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया. गिल की कप्तानी में ये जीत भारत के टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे दमदार कामयाबियों में से एक बन गई है.

वेस्टइंडीज कप्तान के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड

वेस्टइंडीज के कप्तान रॉस्टन चेज के लिए ये सीरीज किसी बुरे सपने से कम नहीं रही. भारत से हार के बाद वो लगातार पांच टेस्ट हारने वाले दूसरे कप्तान बन गए. उनसे पहले ये शर्मनाक रिकॉर्ड क्रेग ब्रैथवेट के नाम था. वहीं, भारत में लगातार हार झेलने वाली टीमों की लिस्ट में अब वेस्टइंडीज भी शामिल हो गई है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया (7), श्रीलंका (6) और न्यूजीलैंड (6) जैसी टीमें ये रिकॉर्ड झेल चुकी हैं. वेस्टइंडीज की भारत में हारों की यह लकीर डैरेन सैमी की कप्तानी से शुरू हुई थी, जो अब टीम के कोच हैं.

भारत ने फिर साबित किया अपना वर्चस्व
टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने दबदबे को और मजबूत करते हुए एक और ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया है. भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार 27वीं टेस्ट जीत दर्ज की है जो किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीतों की लिस्ट में चौथे नंबर पर है. भारत से पहले ये रिकॉर्ड इंग्लैंड (47 बनाम न्यूजीलैंड), इंग्लैंड (30 बनाम पाकिस्तान), और वेस्टइंडीज (29 बनाम इंग्लैंड) के नाम था. ये आंकड़े दिखाते हैं कि भारत का टेस्ट क्रिकेट में दबदबा अब सिर्फ एशिया तक सीमित नहीं, बल्कि ग्लोबल लेवल पर भी कायम है.

सीरीज जीतों का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी भारत के नाम
भारत ने वेस्टइंडीज को लगातार 10वीं टेस्ट सीरीज में हराकर एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है. अब भारत इस मामले में साउथ अफ्रीका की बराबरी पर पहुंच गया है, जिसने वेस्टइंडीज को भी 10 सीरीज लगातार हराई थी. इस रिकॉर्ड के साथ भारत ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी दिग्गज टीमों को भी पीछे छोड़ दिया. इस जीत के साथ शुभमन गिल की कप्तानी को एक नई पहचान मिली है. अब जब टीम इंडिया ने चार बड़े रिकॉर्ड्स एक साथ अपने नाम किए हैं, तो ये कहना गलत नहीं होगा कि वेस्टइंडीज को हराने के साथ-साथ भारत ने टेस्ट क्रिकेट की बादशाहत पर अपनी मुहर फिर से लगा दी है.

W88 Sports News