
कैसे मारा टीम इंडिया ने दिल्ली का मैदान, किस खिलाड़ी ने छीले वेस्टइंडीज बल्लेबाजों के घुटने, एक क्लिक में जानें
टीम इंडिया ने दिल्ली टेस्ट में वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराकर टेस्ट सीरीज 2-0 से जीती। गिल की कप्तानी, जायसवाल की बल्लेबाज़ी और कुलदीप-सिराज की गेंदबाज़ी ने जीत में अहम भूमिका निभाई, गंभीर का बर्थडे बना यादगार।
टीम इंडिया ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली. 378 दिनों के लंबे इंतजार के बाद भारत ने टेस्ट सीरीज में जीत हासिल की. कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया ने एक ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने कैरिबियाई टीम की अकड़ तोड़ दी. इस जीत के साथ भारत ने न केवल सीरीज पर कब्जा जमाया बल्कि हेड कोच गौतम गंभीर के जन्मदिन को भी ऐतिहासिक बना दिया. अहमदाबाद में मिली पारी और 140 रन की जीत के बाद दिल्ली टेस्ट में भी भारतीय खिलाड़ियों ने कैरिबियाई बल्लेबाजों की हवा निकाल दी.
गिल की कप्तानी और जायसवाल का कमाल
पहली पारी में भारत ने 518/5 पर पारी घोषित की. यशस्वी जायसवाल ने एक शानदार 175 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 129 रन ठोककर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. दिल्ली की पिच चाहे धीमी रही हो या मुश्किल, भारतीय बल्लेबाजों ने उसे रन बरसाने का मंच बना दिया. कप्तान गिल के फैसले भी टीम के लिए गेमचेंजर साबित हुए. उन्होंने केएल राहुल को प्रमोट किया, और राहुल ने दूसरी पारी में नाबाद 58 रन बनाकर भारत को जीत की मंज़िल तक पहुंचाया.
कुलदीप-सिराज ने मचाया कोहराम
दिल्ली टेस्ट की सबसे बड़ी कहानी कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज रहे. कुलदीप की फिरकी के आगे वेस्टइंडीज के बल्लेबाज पूरी तरह नाचते नजर आए. उन्होंने मैच में कुल 8 विकेट झटके (पहली पारी में 5 और दूसरी में 3). वहीं मियां भाई सिराज ने अपनी तेज़ रफ्तार और सटीक लाइन से बल्लेबाजों की हालत खराब कर दी. उन्होंने चौथे दिन जस्टिन ग्रीव्स को मज़ाकिया अंदाज में चेतावनी दी, और अगले ही ओवर में उनका विकेट झटक लिया. इसके अलावा जसप्रीत बुमराह ने भी पुराने रंग में वापसी करते हुए महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए.
साझेदारी भी न रोक सकी भारत का तूफान
हालांकि वेस्टइंडीज ने आखिरी दम तक संघर्ष किया. जस्टिन ग्रीव्स और जेडन सील्स ने दसवें विकेट के लिए 79 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी की, जो भारतीय धरती पर विदेशी टीम की सबसे बड़ी आखिरी विकेट की साझेदारी बनी लेकिन ये साझेदारी भी भारत की जीत के आगे टिक नहीं सकी. बुमराह ने जैसे ही सील्स को बोल्ड किया, भारत ने जीत का झंडा लहराया
W88 Sports News




