
मुथुस्वामी का शतक और जानसेन की तेज पारी, कुलदीप ने लिए 4 विकेट लेकिन लुटाए 115 रन, पढ़ें दूसरे दिन के अपडेट्स
गुवाहाटी टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए। मुथुस्वामी के शतक और जानसेन की तेज अर्धशतकीय पारी से भारत पर दबाव बढ़ा। कुलदीप ने 4 विकेट लिए लेकिन 115 रन खर्च किए। अब भारत पर बड़ी चुनौती है।
गुवाहाटी टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाकर भारत को मुश्किल स्थिति में पहुंचा दिया है. टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में सेनुरन मुथुस्वामी की शतकीय पारी और मार्को जानसेन की अर्धशतकीय पारी का बड़ा योगदान रहा. भारत की ओर से कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज ने 100 से ज्यादा रन दिए. एक समय ऐसा लग रहा था कि अफ्रीकी टीम 400 रन तक भी नहीं पहुंच पाएगी, लेकिन निचले क्रम ने मैच का रुख बदल दिया.
कुलदीप यादव ने झटके 4 विकेट
पहले दिन तीसरे सत्र में भारत ने 246 के स्कोर पर साउथ अफ्रीका के छह विकेट गिराकर शानदार वापसी की थी. लेकिन दूसरे दिन मुथुस्वामी और काइल वेरेयिन ने 88 रनों की साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया. वेरेयिन ने 45 रन बनाए. इसके बाद मुथुस्वामी ने जानसेन के साथ 97 रन जोड़कर स्कोर को 450 के पार पहुंचा दिया. आखिरी चार विकेटों ने कुल 243 रन जोड़कर पारी को बड़ा बनाया. भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 29.1 ओवर में 115 रन देकर चार विकेट लिए.
मोहम्मद सिराज को मिले दो विकेट
जबकि मोहम्मद सिराज ने 30 ओवर में 106 रन देकर दो विकेट चटकाए. टीम के बाकी गेंदबाज रन रोकने में नाकाम रहे और जसप्रीत बुमराह और वाशिंगटन सुंदर को छोड़ किसी का इकॉनमी रेट तीन से नीचे नहीं रहा. बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 32 ओवर में सिर्फ 75 रन खर्च किए और दो महत्वपूर्ण विकेट लिए. सिराज ने भी लंबे स्पेल डाले और 30 ओवर में दो विकेट हासिल किए. अफ्रीका की पूरी पारी 151.1 ओवर तक चली, जिसमें भारतीय गेंदबाजों को लगातार मेहनत करनी पड़ी. मुथुस्वामी का शतक और जानसेन के बड़े शॉट्स ने भारत के सामने अब बड़ा लक्ष्य रख दिया है. आगे देखना होगा कि भारतीय बल्लेबाजी इस चुनौती का सामना कैसे करती है.
W88 Sports News




