क्रिकेट

सूर्यकुमार यादव और श्रेयंका पाटिल का वायरल डांस वीडियो, फिटनेस ब्रेक में दिखाया मजेदार अंदाज़

भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव और महिला टीम की युवा स्पिनर श्रेयंका पाटिल का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में दोनों क्रिकेटर जिम से वर्कआउट ब्रेक के दौरान एक चलती हुई कार्ट में ‘ऑरा फार्मिंग’ डांस ट्रेंड पर थिरकते नजर आ रहे हैं. यह डांस पहले 11 साल के एक बच्चे द्वारा बोट रेसिंग के दौरान किया गया था, जिसने सभी को चौंका दिया था. उसी अंदाज़ की नकल अब क्रिकेटर्स भी कर रहे हैं.

फिटनेस पर फोकस, बीच में थोड़ा फन

इस वीडियो में खास बात यह है कि दोनों खिलाड़ी वर्कआउट के दौरान थोड़ा मस्तीभरा ब्रेक लेते दिखे. सूर्यकुमार यादव ने वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा – “मैनेजर ने बोला ट्रेंड करने का तो करने का.” यह लाइन सोशल मीडिया पर काफी पसंद की जा रही है. फैंस इस वीडियो पर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं.

सर्जरी के बाद फुल फिट नजर आए सूर्या

सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल 2025 के बाद सर्जरी कराई थी. लेकिन अब वो पहले से काफी फिट नजर आ रहे हैं और मैदान पर वापसी की तैयारी में जुटे हैं. उनका लक्ष्य अब एशिया कप 2025 और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली व्हाइट बॉल सीरीज में दमदार वापसी करना है. इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में वो हिस्सा नहीं ले रहे हैं, लेकिन फैंस उन्हें जल्द नीली जर्सी में देखने को बेताब हैं.

चोट से उबर रहीं श्रेयंका पाटिल भी कर रहीं मेहनत

श्रेयंका पाटिल महिला प्रीमियर लीग 2024 से पहले चोटिल हो गई थीं, जिसके चलते वो टूर्नामेंट से बाहर रहीं. ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए इंडिया ए टीम में उनका चयन हुआ था, लेकिन नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) का फिटनेस टेस्ट पास न करने की वजह से वह टीम से बाहर हो गईं. अब उनका फोकस महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 पर है और वो एनसीए से क्लियर होकर टीम में वापसी करना चाहती हैं.

यह वीडियो सिर्फ फन नहीं बल्कि खिलाड़ियों के मानसिक फ्रेशनेस और मैदान पर वापसी के उत्साह का प्रतीक है. सोशल मीडिया पर वायरल यह क्लिप साबित करती है कि क्रिकेटर्स फिटनेस और मस्ती के बीच सही बैलेंस बनाकर भी ट्रेंड कर सकते हैं.